Movie prime

वाराणसी पुलिस ने 2 घंटे में खोजा स्विस पर्यटक का 10 लाख का कैमरा, विदेशी नागरिक ने जताया आभार
 

 
वाराणसी पुलिस ने 2 घंटे में खोजा स्विस पर्यटक का 10 लाख का कैमरा, विदेशी नागरिक ने जताया आभार
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। दशाश्वमेध क्षेत्र में वाराणसी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए स्विट्जरलैंड से आए एक पर्यटक का करीब 10 लाख रुपये कीमत का कैमरा महज दो घंटे के भीतर खोजकर उसे वापस सौंप दिया। महंगा कैमरा सुरक्षित मिलने के बाद विदेशी पर्यटक ने वाराणसी पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।

पुलिस के अनुसार, स्विट्जरलैंड निवासी जोनस बेंजामिन ईहले वाराणसी घूमने आए थे। भारत यात्रा के दौरान फोटोग्राफी के लिए वह Leica कंपनी का उच्च गुणवत्ता वाला कैमरा अपने साथ लाए थे, जिसकी कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।

वाराणसी के घाट क्षेत्र में भ्रमण के दौरान जोनस अपना कैमरा एक स्थान पर रखकर भूल गए। कुछ समय बाद कैमरे का ध्यान आने पर उन्होंने अपने स्तर से आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन कैमरे का कोई पता नहीं चल सका।

इसके बाद विदेशी पर्यटक दशाश्वमेध पुलिस चौकी पहुंचे और चौकी प्रभारी अनुज मणि तिवारी को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ अन्य माध्यमों से कैमरे की तलाश शुरू की।

पुलिस की सक्रियता का नतीजा रहा कि महज दो घंटे के भीतर कैमरे का पता लगा लिया गया। कैमरा बरामद होने के बाद उसे सुरक्षित रूप से जोनस बेंजामिन ईहले को सौंप दिया गया।

करीब 10 लाख रुपये कीमत का अपना कैमरा वापस मिलने पर स्विस पर्यटक ने खुशी जताई और वाराणसी पुलिस की त्वरित कार्रवाई के लिए अपने शब्दों में कृतज्ञता व्यक्त की।

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी दशाश्वमेध अनुज मणि तिवारी, उप निरीक्षक शिव स्वरूप पाण्डेय, कांस्टेबल देवेंद्र प्रताप सिंह, भूपेंद्र सिंह, संजय यादव और संजीव कुमार शामिल रहे।