वाराणसी: व्यापारी जितेंद्र पटेल हत्याकांड का खुलासा करने वाली पुलिस टीम सम्मानित, पुलिस आयुक्त ने दिया ₹1 लाख का पुरस्कार और प्रशस्ति-पत्र
वाराणसी। रोहनियां थाना क्षेत्र के अवलेशपुर गांव में व्यापारी जितेंद्र पटेल की सनसनीखेज हत्या का सफल खुलासा करने वाली पुलिस टीम को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सम्मानित किया। सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में उत्कृष्ट और साहसिक कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नगद पुरस्कार, प्रशस्ति-पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि एसओजी, थाना रोहनियां और वरुणा जोन की संयुक्त टीम ने पेशेवर दक्षता, तत्परता और बेहतर टीमवर्क का परिचय देते हुए इस जघन्य हत्याकांड का शीघ्र खुलासा किया। मामले में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें दो बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दबोचा था।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस आयुक्त ने टीम के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इसी समर्पण और ईमानदारी के साथ कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
एक लाख रुपये का मिला नगद पुरस्कार
सम्मान समारोह में एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक गौरव कुमार सिंह और प्रभारी निरीक्षक रोहनियां राजू सिंह को 25-25 हजार रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं मामले के सफल अनावरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अन्य पुलिसकर्मियों को 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई। इस प्रकार पूरी टीम को कुल एक लाख रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया गया।
सम्मानित पुलिसकर्मी
एसओजी टीम
उपनिरीक्षक गौरव कुमार सिंह (प्रभारी एसओजी)
उपनिरीक्षक आयुष पांडेय
कांस्टेबल मनीष बघेल
कांस्टेबल अंकित मिश्रा
थाना रोहनियां
* निरीक्षक राजू सिंह (प्रभारी निरीक्षक)
* उपनिरीक्षक भरत चौधरी
*वरुणा जोन टीम*
उपनिरीक्षक गौरव कुमार सिंह (थाना शिवपुर)
पुलिस आयुक्त ने कहा कि इस तरह के उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों का सम्मान अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगा।
