रातभर सड़कों पर उतरेगी वाराणसी पुलिस: हुक्का बार, मानव तस्करी और अवैध कारोबार पर होगी सख्ती
वाराणसी पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए बड़ी समीक्षा बैठक की। रात्रि गश्त, महिला सुरक्षा, चोरी रोकने, हुक्का बार और संगठित अपराधों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। शहर में 24×7 पुलिस दृश्यता बढ़ाने और थाना स्तर पर शिकायतों के निस्तारण पर जोर दिया गया।
वाराणसी: कमिश्नरेट वाराणसी में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने राजपत्रित अधिकारियों के साथ बड़ी समीक्षा बैठक की। कैंप कार्यालय में आयोजित इस बैठक में अपराध नियंत्रण, रात्रि गश्त, महिला सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और संगठित अपराधों पर सख्त कार्रवाई को लेकर कई अहम निर्देश जारी किए गए।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि शहर में पुलिसिंग को और ज्यादा सक्रिय, प्रभावी और जनता के भरोसे वाली बनाना प्राथमिकता है। उन्होंने थाना स्तर पर शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया, ताकि आम लोगों को अपनी समस्या लेकर उच्च अधिकारियों तक न जाना पड़े।
रात में सड़कों पर दिखेगी ज्यादा पुलिस
बैठक में रात्रि गश्त और अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाने के लिए पुलिस बल की नई व्यवस्था तय की गई। निर्देश दिए गए कि प्रत्येक थाने की 20 प्रतिशत पुलिस फोर्स रात में गश्त करेगी। 20 प्रतिशत बल ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत चेकिंग अभियान में लगाया जाएगा। 20 प्रतिशत पुलिसकर्मी यातायात प्रबंधन संभालेंगे, जबकि शेष 40 प्रतिशत बल अन्य जरूरी कार्यों में तैनात रहेगा।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि प्रमुख चौराहों, मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर 24 घंटे पुलिस की मौजूदगी दिखाई देनी चाहिए। यूपी-112 वाहनों की रणनीतिक तैनाती और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश भी दिए गए।
महिला सुरक्षा मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
मोहित अग्रवाल ने महिला सुरक्षा और महिला अपराधों के मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने साफ कहा कि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर संबंधित थाना प्रभारी जिम्मेदार होंगे।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को जनता के साथ सौम्य, संवेदनशील और शालीन व्यवहार रखने की भी हिदायत दी। कहा गया कि किसी भी परिस्थिति में पुलिसकर्मी उत्तेजित न हों और पुलिस की सकारात्मक छवि बनाए रखें।
अपराध होने से पहले कार्रवाई की तैयारी
बैठक में अपराधों के पूर्वानुमान आधारित नियंत्रण पर भी जोर दिया गया। पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिए कि थाना स्तर पर अपराधियों की सक्रिय निगरानी और सूचना तंत्र को मजबूत किया जाए, ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि को शुरुआती स्तर पर ही रोका जा सके।
हाल के दिनों में बढ़ रही चोरी की घटनाओं की समीक्षा करते हुए विशेष रणनीति तैयार की गई। चोरी प्रभावित क्षेत्रों और संदिग्ध लोगों पर लगातार नजर रखने तथा सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
काशी विश्वनाथ धाम में ‘नो टच पॉलिसी’ लागू रखने के निर्देश
काशी विश्वनाथ धाम में तैनात पुलिस बल को श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार बनाए रखने और सुगम दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस आयुक्त ने “नो टच पॉलिसी” का पालन कराने और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने पर विशेष जोर दिया।
हुक्का बार, मानव तस्करी और अवैध कारोबार पर सख्ती
बैठक में हुक्का बार, अनैतिक देह व्यापार, अवैध खनन, बिना नंबर वाहनों, अवैध स्लॉटरिंग, मानव तस्करी और लड़कियों की खरीद-फरोख्त जैसे संगठित अपराधों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
