Movie prime

वाराणसी : होटल संचालकों को पुलिस की सख्त चेतावनी, बिना सत्यापन मेहमान ठहराने पर होगी कार्रवाई

 
वाराणसी : होटल संचालकों को पुलिस की सख्त चेतावनी, बिना सत्यापन मेहमान ठहराने पर होगी कार्रवाई
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Varanasi : कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने, पर्यटकों एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गुरुवार को थाना बड़ागांव क्षेत्र में होटल एवं गेस्ट हाउस संचालकों के साथ एक गोष्ठी आयोजित की गई।

बैठक के दौरान अपर पुलिस उपायुक्त ने होटल संचालकों को निर्देशित किया कि सभी होटल एवं गेस्ट हाउस वैध लाइसेंस के तहत संचालित किए जाएं तथा लाइसेंस को परिसर में प्रदर्शित रखा जाए। उन्होंने कहा कि होटल में ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का पहचान पत्र के माध्यम से सत्यापन किया जाए और उसका विवरण रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को देने के निर्देश भी दिए गए।

सीसीटीवी और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर

पुलिस अधिकारियों ने होटल परिसरों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा उनका रुख मुख्य प्रवेश द्वार, पार्किंग और सार्वजनिक स्थानों की ओर रखने के निर्देश दिए। साथ ही सीसीटीवी फुटेज को सुरक्षित रखने और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस को उपलब्ध कराने के लिए कहा गया।

अग्नि सुरक्षा के मानकों का पालन करने के निर्देश

गोष्ठी में अग्नि सुरक्षा को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। होटल संचालकों को फायर सेफ्टी उपकरणों की समुचित व्यवस्था, नियमित जांच और प्रशिक्षित स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए स्पष्ट रूप से चिन्हित इमरजेंसी एग्जिट बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

अपर पुलिस उपायुक्त ने साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए होटल संचालकों को जागरूकता संबंधी पोस्टर और पंपलेट लगाने के लिए कहा। डिजिटल भुगतान और ऑनलाइन लेन-देन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की सलाह भी दी गई।

यातायात और स्वच्छता पर भी दिया गया जोर

बैठक में होटलों के आसपास सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए ताकि यातायात बाधित न हो और जाम की स्थिति से बचा जा सके। इसके अलावा स्वच्छता बनाए रखने, अवैध गतिविधियों की रोकथाम करने तथा किसी भी संदिग्ध या अराजक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए होटल संचालकों से सहयोग की अपील की गई।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि होटल संचालकों के सहयोग से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है तथा पर्यटकों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है। गोष्ठी की अध्यक्षता अपर पुलिस उपायुक्त गोमती ज़ोन नृपेन्द्र ने की। बैठक में प्रभारी निरीक्षक बड़ागांव सहित क्षेत्र के विभिन्न होटल और गेस्ट हाउस संचालक उपस्थित रहे।