Movie prime

वाराणसी: इलाज के दौरान गर्भवती महिला की मौत, परिजनों का हंगामा, चिकित्सक फरार 

वाराणसी के मिर्जामुराद स्थित प्राइवेट क्लिनिक में उपचार के दौरान गर्भवती महिला की हालत बिगड़ने और बाद में मौत के बाद स्वजनों ने भारी हंगामा किया। लापरवाही के आरोप में क्लिनिक पर तोड़फोड़ की गई। चिकित्सक व कर्मचारी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने जांच शुरू कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया आगे बढ़ाई है।

 
वाराणसी न्यूज
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के कछवां रोड चौराहा के पास स्थित एक प्राइवेट क्लिनिक की कथित लापरवाही ने एक गर्भवती महिला की जान ले ली। गंभीर हालत में दूसरे अस्पताल ले जाए जाने के कुछ देर बाद महिला की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित स्वजनों ने क्लिनिक में जमकर हंगामा किया और तोड़फोड़ कर चिकित्सक पर गंभीर आरोप लगाए।

मीरजापुर के कछवां थानांतर्गत भैसा गांव निवासी हेमंत उर्फ विकास राय की पत्नी विनीता राय (28 वर्ष) साढ़े तीन माह की गर्भवती थी। दो दिन पहले पेट में दर्द की शिकायत पर परिवारजन उसे मिर्जामुराद स्थित क्लिनिक में भर्ती कराए। जांच के दौरान भ्रूण मृत पाया गया, जिसके बाद सोमवार को महिला चिकित्सक ने उसे निकाला। इसी दौरान विनीता की स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई।

मंगलवार को अवस्था गंभीर होने पर चिकित्सक और परिवारजन उसे अपनी स्कॉर्पियो से अमरा स्थित मेट्रो ऋषिदेव हॉस्पिटल ले गए, जहां आईसीयू में भर्ती करने के कुछ देर बाद ही उसकी मृत्यु हो गई।

मृतका की मौत की खबर मिलते ही परिवारजन उग्र हो गए। उन्होंने क्लिनिक पहुंचकर पथराव और तोड़फोड़ की। चिकित्सक की स्कॉर्पियो के शीशे भी तोड़ दिए। इतना ही नहीं, सब्ज़ी मंडी स्थित हाईवे पर एंबुलेंस खड़ी कर सड़क भी कुछ देर के लिए जाम कर दिया।

सूचना पर एसीपी अजय श्रीवास्तव और थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय मौके पर पहुंचे, स्थिति को शांत कराया और परिवार को रोहनिया थाने भेजा। इधर, घटना के बाद क्लिनिक का चैनल बंद मिला और चिकित्सक व कर्मचारी मौके से फरार पाए गए।

एसीपी राजातालाब ने बताया कि महिला की मौत रोहनिया क्षेत्र के अस्पताल में हुई, इसलिए रोहनिया पुलिस पोस्टमार्टम की प्रक्रिया आगे बढ़ाएगी। मृतका विनीता अपने पीछे डेढ़ वर्ष का पुत्र आरुष छोड़ गई है।