वाराणसी: प्राइवेट हॉस्पिटल में मरीज की हालत बिगड़ी, डॉक्टर गायब! परिजनों ने किया बवाल
वाराणसी। कैंट थाना क्षेत्र के भुवनेश्वर नगर कॉलोनी स्थित एक निजी अस्पताल में रविवार सुबह उस समय हंगामा मच गया, जब एक मरीज की अचानक तबियत बिगड़ गई। मरीज के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया और गुस्से में आकर अस्पताल परिसर में बवाल कर दिया।
सूचना मिलते ही कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा, फुलवरिया चौकी प्रभारी दीक्षा पांडेय और अर्दली बाजार चौकी प्रभारी उमाशंकर सिंह मय फोर्स मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया।
परिजनों ने बताया कि टकटकपुर निवासी मरीज कई दिनों से अस्पताल में भर्ती था। रविवार सुबह उसकी तबियत अचानक बिगड़ गई, लेकिन उस समय अस्पताल में कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था। परिजनों का आरोप है कि स्टाफ ने समय रहते इलाज नहीं किया और प्रबंधन ने उल्टा मरीज को दूसरे अस्पताल ले जाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया।
वहीं, अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि मरीज की स्थिति गंभीर है और बेहतर इलाज के लिए उसे हायर सेंटर (उच्च चिकित्सा केंद्र) में शिफ्ट किया जा रहा है। इस संबंध में परिजनों से बातचीत की जा रही है। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद माहौल शांत हुआ।
