Movie prime

वाराणसी: छेड़छाड़ का विरोध पड़ा भारी! औसानपुर में परिवार पर लाठी-डंडों से हमला, कई घायल

वाराणसी के औसानपुर गांव में छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक परिवार पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया। पिता-पुत्र समेत कई लोग घायल हुए। पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जबकि आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी है।

 
बड़ागाँव थाना क्षेत्र
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: बड़ागाँव थाना क्षेत्र के औसानपुर गांव में छेड़छाड़ का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि दबंगों ने न केवल विरोध करने पर हमला किया, बल्कि घर में घुसकर पूरे परिवार के साथ मारपीट की। इस हिंसक घटना में पिता-पुत्र समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।

युवती से छेड़छाड़ के बाद भड़का विवाद

पीड़ित संजय चौधरी के अनुसार, उनके चाचा की बेटी के साथ गांव के विनय पुत्र सुवाष द्वारा पिछले एक सप्ताह से लगातार छेड़छाड़ और अभद्र टिप्पणी की जा रही थी। 3 मई 2026 की सुबह करीब 8 बजे स्थिति तब बिगड़ गई, जब विनय ने युवती का हाथ पकड़कर उसके साथ दुर्व्यवहार किया। घटना के बाद पीड़िता ने घर पहुंचकर पूरी बात परिजनों को बताई।

शिकायत करने गए तो कर दिया हमला

मामले की शिकायत करने जब संजय के पिता आरोपी के घर पहुंचे, तो वहां पहले से मौजूद लोगों ने अचानक हमला बोल दिया। आरोप है कि जितेंद्र के उकसाने पर हमलावरों ने लाठी, डंडों और लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ वार किए। इस हमले में संजय के सिर में गंभीर चोट आई और वह मौके पर ही बेहोश हो गए।

घर में घुसकर महिलाओं को भी नहीं बख्शा

संजय ने बताया कि उनके पिता जान बचाकर घर की ओर भागे, लेकिन हमलावर पीछे-पीछे घर में घुस आए। वहां भी उन्होंने जमकर मारपीट की। बीच-बचाव करने आईं संजय की मां उर्मिला देवी और चचेरी बहन पूनम देवी को भी चोटें आईं। घटना के बाद आरोपियों ने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।


घटना के बाद पीड़ित संजय चौधरी ने बड़ागाँव थाने में तहरीर देकर सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।