Varanasi : 14 दिसंबर से शुरू होगा पल्स पोलियो विशेष अभियान, 5 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी ‘दो बूंद जिंदगी की'
वाराणसी। आगामी 14 दिसंबर से शुरू होने वाले पल्स पोलियो विशेष अभियान की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को विकास भवन सभागार में जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह ने की। सीडीओ ने बताया कि जिले में 5 वर्ष तक के कुल 5,27,562 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जानी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लक्षित सभी बच्चों को दवा अवश्य मिले, इसके लिए शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित किया जाए।
सीडीओ के निर्देश
बैठक में सीडीओ ने अभियान की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि पाकिस्तान में इस वर्ष 30 और अफगानिस्तान में 9 पोलियो केस मिले हैं। वाराणसी एक प्रमुख तीर्थ स्थल होने के कारण यहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में लोग आते हैं, ऐसे में सतर्कता बेहद आवश्यक है।
उन्होंने निर्देशित किया, सभी पोलियो कर्मियों को प्रशिक्षित किया जाए। बीमार या दवा से परहेज करने वाले परिवारों के बच्चों की पहचान कर उन्हें खुराक दी जाए। अभियान में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सीडीओ ने यह भी कहा कि 14 दिसंबर को बूथ दिवस पर सभी विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र खोले जाएंगे। बच्चों की बुलावा टोली बनाकर अधिकतम बच्चों को बूथ पर ही खुराक दिलाने का प्रयास किया जाएगा। बूथ दिवस का उद्घाटन स्थानीय जन प्रतिनिधियों से कराया जाएगा।
सीएमओ ने बताई अभियान की रूपरेखा
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि अभियान 6 दिन तक चलेगा। 14 दिसंबर को 1811 बूथों पर पोलियो की खुराक दी जाएगी। घर-घर दवा पिलाने के लिए 1265 टीमें गठित की गई हैं। इसके अलावा 36 ट्रांज़िट टीमें भी बनाई गई हैं।
15 दिसंबर से टीम घर-घर जाकर उन बच्चों को दवा देगी जो बूथ दिवस पर छूट जाएंगे। यदि इसके बाद भी कोई बच्चा दवा से वंचित रह जाता है, तो उसे 22 दिसंबर को पोलियो की खुराक दी जाएगी। सीएमओ ने जनता से अपील की अपने 5 वर्ष तक के बच्चों को किसी भी हाल में पोलियो की दवा अवश्य पिलवाएं।”
बैठक का संचालन जिला प्रतिरक्षण अधिकारी एवं डब्ल्यूएचओ एसएमओ डॉ. अरुणा एस. वेणु ने किया। इस दौरान जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस. एस. कनौजिया,यूनिसेफ डीएमसी आदित्य जयसवाल, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, प्रभारी चिकित्साधिकारी, जेएसआई, डीसी, सीएसओ, यूएनडीपी से रीना
सहित कई विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
