वाराणसी में राजेंद्र टोयोटा के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर विमल शाह की मौत, जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी। मंडुवाडीह स्थित विराट एमएस अपार्टमेंट में शुक्रवार देर रात राजेंद्र टोयोटा के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर विमल शाह की अचानक तबीयत बिगड़ गई। अपार्टमेंट के लोगों ने उन्हें आनन-फानन में महमूरगंज स्थित गैलेक्सी हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान शनिवार सुबह उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान 65 वर्षीय विमल शाह के रूप में हुई है। बताया गया कि वह राजेंद्र टोयोटा के शाहवाबाद-मोहनसराय स्थित प्रतिष्ठान में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर और सेल्स हेड के पद पर कार्यरत थे। विमल शाह पिछले करीब 10 वर्षों से मंडुवाडीह के विराट एमएस अपार्टमेंट में पत्नी रितु शाह के साथ रह रहे थे।
देर रात अचानक बिगड़ी तबीयत
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार देर रात विमल शाह की अचानक तबीयत खराब हो गई। उनकी हालत बिगड़ती देख अपार्टमेंट में मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें महमूरगंज के गैलेक्सी हॉस्पिटल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने देर रात से शनिवार सुबह तक उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही राजेंद्र टोयोटा के कई अधिकारी और कर्मचारी भी अस्पताल पहुंच गए। वहीं, अपार्टमेंट के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलने पर सिगरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई की। सिगरा थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।
चिकित्सकों के अनुसार, मृतक ने किसी पदार्थ का सेवन किया था, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ी। हालांकि, उन्होंने किस पदार्थ का सेवन किया था और उसकी वजह से ही मौत हुई या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
आत्महत्या समेत हर पहलू की जांच
पुलिस अब मौत की वजह पता लगाने के लिए हर पहलू से जांच कर रही है। यह आत्महत्या का मामला है या किसी अन्य वजह से उनकी मौत हुई, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है और पुलिस घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
