वाराणसी में राजघाट पुल पर दो महीने तक रात में आवागमन बंद, आज से शुरू होगी मरम्मत, जानिए नया रूट डायवर्जन
वाराणसी: वाराणसी और चंदौली को जोड़ने वाले ऐतिहासिक राजघाट पुल की मरम्मत का कार्य रविवार रात से शुरू होने जा रहा है। लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा पुल के ड्रेनेज स्पाउट और एक्सपेंशन ज्वाइंट की मरम्मत कराई जाएगी। इसके चलते 14 जून से 13 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन रात 10 बजे से सुबह 6:30 बजे तक पुल पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
100 साल पुराने पुल की होगी मरम्मत
राजघाट पुल शहर के सबसे महत्वपूर्ण संपर्क मार्गों में से एक है, जो वाराणसी और चंदौली के बीच यातायात का प्रमुख माध्यम है। पुल की आयु 100 वर्ष से अधिक हो चुकी है। संरचनात्मक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इसके ड्रेनेज सिस्टम और एक्सपेंशन ज्वाइंट की मरम्मत का निर्णय लिया गया है।
लोक निर्माण विभाग ने पूर्व में कार्य शुरू किया था, लेकिन दिन के समय भारी जाम और यातायात दबाव के कारण कार्य रोकना पड़ा। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस की सहमति से रात में कार्य कराने का निर्णय लिया गया।
रात में पूरी तरह बंद रहेगा पुल
मरम्मत कार्य के दौरान प्रतिदिन रात 10 बजे से सुबह 6:30 बजे तक राजघाट पुल पर किसी भी प्रकार के वाहन का आवागमन नहीं होगा। दोनों ओर बैरियर लगाकर मार्ग बंद किया जाएगा तथा ट्रैफिक और स्थानीय पुलिस की विशेष तैनाती की जाएगी।
यह रहेगा नया ट्रैफिक डायवर्जन
पड़ाव से वाराणसी की ओर आने वाले वाहन- पड़ाव चौराहा से राजघाट पुल होकर नमो घाट और भदऊं चुंगी की ओर जाने वाले सभी वाहनों को रामनगर मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन रामनगर, सामनेघाट और विश्वसुंदरी पुल के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
शहर से पड़ाव और चंदौली की ओर जाने वाले वाहन
गोलगड्डा तिराहा से राजघाट पुल होकर पड़ाव की ओर जाने वाले वाहनों को बसंता कॉलेज मोड़ से यू-टर्न कर लकड़मंडी फ्लाईओवर, लहरतारा, भिखारीपुर, अमरा अखरी (एनएच-19), विश्वसुंदरी पुल, चौकाघाट, पुलिस लाइन चौराहा और संदहा मार्ग से भेजा जाएगा।
58 दिन तक चलेगा मरम्मत अभियान
लोक निर्माण विभाग के अनुसार पुल की मरम्मत के लिए मेरठ की सीको कंपनी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। कार्य की प्रगति के अनुसार आवश्यकता पड़ने पर समय-सारिणी में बदलाव भी किया जा सकता है ताकि परियोजना समय से पहले पूरी हो सके।
अधिकारियों ने क्या कहा
PWD के अधिशासी अभियंता के.के. सिंह ने बताया कि राजघाट पुल की मरम्मत का कार्य रविवार रात से शुरू किया जाएगा। निर्माण एजेंसी को सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करते हुए कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्र ने बताया कि दो महीने के लिए विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस बल की तैनाती की गई है।
यात्रियों से अपील
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि निर्धारित अवधि में राजघाट पुल की बजाय वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, जिससे मरम्मत कार्य समय पर पूरा हो सके और यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।
