Movie prime

बिहार जा रही 5 लाख की अवैध शराब जब्त, वाराणसी पुलिस ने ट्रक-कार समेत 3 तस्करों को दबोचा

वाराणसी के रामनगर में पुलिस ने 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' के तहत ट्रक से 5,216 शीशी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद कर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया। करीब 5 लाख रुपये की व्हिस्की, ट्रक और एस्कॉर्ट कर रही कार जब्त की गई। पुलिस बिहार भेजी जा रही खेप की जांच में जुटी है।

 
वाराणसी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: रामनगर पुलिस ने 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' के तहत अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार भेजी जा रही अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने एक ट्रक से 102 पेटी और 320 अतिरिक्त शीशी, यानी कुल 5,216 शीशी (180 एमएल) अवैध व्हिस्की बरामद की है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है। इस मामले में तीन अंतरराज्यीय शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त ट्रक और एक एस्कॉर्ट कार भी जब्त कर ली है।

पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर चला अभियान

पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर युवाओं को नशे के जाल से बचाने और अवैध मादक पदार्थों एवं शराब तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस उपायुक्त जोन काशी, अपर पुलिस उपायुक्त जोन काशी और सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रामनगर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया।

मुखबिर की सूचना पर नेशनल हाईवे-19 पर बिछाया जाल

31 जुलाई 2026 को चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि पानीपत से बनारस होते हुए बिहार की ओर एक ट्रक में भारी मात्रा में अवैध शराब भेजी जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने नेशनल हाईवे-19 पर प्रयागराज से बिहार जाने वाले मार्ग पर बैरिकेडिंग कर सघन चेकिंग शुरू कर दी।

जांच के दौरान संदिग्ध ट्रक को रोका गया। तलाशी लेने पर उसमें 102 पेटी और 320 अतिरिक्त शीशी, कुल 5,216 शीशी '999 ब्रांड' अंग्रेजी व्हिस्की बरामद हुई। पुलिस ने ट्रक के आगे-आगे चल रही किया सेल्टोस कार को भी रोककर कब्जे में ले लिया, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर ट्रक को सुरक्षित पास कराने के लिए किया जा रहा था।

ट्रक और कार समेत तीन तस्कर गिरफ्तार

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान-  विनोद, निवासी कैलाना, थाना गन्नौर, जिला सोनीपत (हरियाणा), सोमवीर जोगी, निवासी बिल्लू कॉलोनी, विजयनगर, जिला पानीपत (हरियाणा), मिथुन बंसल, निवासी शक्तिखंड-2, इंदिरापुरम, गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी अवैध शराब की खेप को बिहार पहुंचाने की तैयारी में थे।

938.88 लीटर अवैध व्हिस्की बरामद

बरामद शराब की कुल मात्रा 938.88 लीटर है। पुलिस ने मौके से 102 पेटी और 320 अतिरिक्त शीशी (कुल 5,216 शीशी), अंग्रेजी व्हिस्की (999 ब्रांड) जब्त किया। 

इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा

रामनगर थाने में आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब की यह खेप किस नेटवर्क के जरिए बिहार भेजी जा रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी और बरामदगी रामनगर थाना क्षेत्र के ढुंढीराज पुलिया के ऊपर, प्रयागराज से बिहार जाने वाले नेशनल हाईवे-19 पर सुबह करीब 11:20 बजे की गई।

इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र के नेतृत्व में रामनगर थाना और सर्विलांस टीम के अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर सफलता हासिल की। पुलिस का कहना है कि कमिश्नरेट क्षेत्र में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।