वाराणसी में रामलीला के हाथी का तांडव, महावत को उठाकर पटका, 2 किमी का इलाका सील
वाराणसी के रामनगर स्थित पंचवटी मैदान में रामलीला के लिए लाया गया हाथी रविवार सुबह अचानक बेकाबू हो गया। हाथी ने दो मकानों के शटर तोड़ दिए और बिजली के खंभे उखाड़ दिए। महावत को पटकने के बाद पुलिस ने दो किलोमीटर का इलाका घेर लिया। वन विभाग और NDRF की टीमें मौके पर तैनात हैं।
वाराणसी: रामनगर के पंचवटी मैदान में रविवार सुबह रामलीला के लिए लाया गया एक हाथी अचानक बेकाबू हो गया। हाथी ने सड़क पर निकलकर जमकर उत्पात मचाया। रास्ते में आने वाली चीजों को सूंड से उठाकर फेंकने के साथ पेड़ और बिजली के खंभे उखाड़ दिए। दो मकानों के शटर और एक गेट को भी नुकसान पहुंचाया। हाथी को काबू करने की कोशिश में महावत भी उसकी चपेट में आ गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
खाना देने पहुंचे महावत पर किया हमला
जानकारी के मुताबिक, हाथी को आजमगढ़ से रामलीला के लिए लाया गया था। रविवार सुबह करीब 10:30 बजे पंचवटी मैदान में महावत छापलू उसे खाना देने जा रहा था। इसी दौरान हाथी अचानक भड़क गया और बेकाबू होकर मैदान से बाहर सड़क पर दौड़ने लगा।

महावत ने उसे नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन हाथी ने उसे उठाकर पटक दिया। इसके बाद हाथी आसपास के इलाके में इधर-उधर दौड़ने लगा। रास्ते में पेड़, बिजली के खंभे और अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया। हाथी के इस तरह बेकाबू होने से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
दो मकानों के शटर तोड़े, बिजली सप्लाई बंद
बेकाबू हाथी ने दो मकानों के शटर तोड़ दिए। इसके अलावा एक गेट और बिजली के खंभे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। बिजली का खंभा टूटने के बाद सुरक्षा के मद्देनजर 33 हजार वोल्ट की बिजली लाइन बंद करनी पड़ी। इससे रामनगर क्षेत्र में करीब दो घंटे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रही।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हाथी की चपेट में आने से एक-दो बाइक भी गिर गईं। हालांकि, उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, घटना में किसी स्थानीय व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।
पुलिस ने दो किलोमीटर का इलाका किया सील
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एहतियात के तौर पर करीब दो किलोमीटर के इलाके में बैरिकेडिंग कर लोगों की आवाजाही रोक दी गई। पुलिस लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की हिदायत दे रही है, ताकि हाथी के हमले की चपेट में कोई और न आए।
हाथी को काबू करने के लिए वन विभाग और एनडीआरएफ समेत करीब 200 लोगों की टीम जुटी हुई है। वहीं, सुरक्षा कारणों से रामनगर इलाके की बिजली भी काट दी गई।
पंचवटी मैदान में ठहरते हैं रामलीला के हाथी
रामनगर का पंचवटी मैदान रामलीला से जुड़ी गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण है। यहां रामलीला में शामिल होने वाले हाथियों को रखा जाता है। रामलीला के कलाकार और अन्य संबंधित लोग भी यहां ठहरते हैं।
पंचवटी मैदान जिला मुख्यालय से करीब 17 किलोमीटर और काशी विश्वनाथ मंदिर से लगभग 10 किलोमीटर दूर है। इसी हाथी पर सवार होकर काशीराज परिवार के डॉ. अनंत नारायण सिंह के बेटे रामलीला देखते हैं। फिलहाल, हाथी को सुरक्षित तरीके से काबू करने और इलाके में सामान्य स्थिति बहाल करने की कोशिश की जा रही है।
