वाराणसी परिक्षेत्र में माफिया पर पुलिस का शिकंजा, 10 महीने में 24.59 करोड़ की संपत्ति कुर्क
वाराणसी परिक्षेत्र में पुलिस ने दस महीने में माफिया और संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। गाजीपुर में 24.59 करोड़ की संपत्ति कुर्क हुई, जिसमें अंगद राय की सात करोड़ की संपत्ति शामिल है। जानिए जौनपुर, गाजीपुर और चंदौली में गैंगस्टर, शराब, मादक पदार्थ और गोतस्करी पर कार्रवाई के आंकड़े।
वाराणसी। वाराणसी परिक्षेत्र के जौनपुर, गाजीपुर और चंदौली में पुलिस ने पिछले 10 महीनों के दौरान संगठित अपराध और माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। गैंगस्टर एक्ट के तहत संपत्तियां कुर्क करने से लेकर मादक पदार्थों, अवैध शराब और गोतस्करी के मामलों में कार्रवाई तक पुलिस ने कई मोर्चों पर अभियान चलाया। गाजीपुर में इस वर्ष करीब 24.59 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की गई है। इसमें मुख्तार अंसारी के शार्प शूटर रहे अंगद राय की सात करोड़ रुपये की संपत्ति भी शामिल है, जिसे बुधवार को कुर्क किया गया।
गैंगस्टर एक्ट के तहत गिरोहों और अपराधियों पर कार्रवाई
डीआईजी रेंज वैभव कृष्ण ने बताया कि पुलिस की पहली प्राथमिकता माफिया की आर्थिक रीढ़ तोड़ना है। इसके तहत बीते 10 महीनों में जौनपुर में गैंगस्टर एक्ट के 14 मुकदमे दर्ज किए गए। मड़ियाहूं में एक नए गैंग का पंजीकरण भी किया गया।
गाजीपुर में सात गिरोहों के 45 सदस्यों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। वहीं, पूरे परिक्षेत्र में 301 नई हिस्ट्रीशीट खोली गईं और गुंडा एक्ट के तहत 558 अपराधियों पर कार्रवाई हुई। इसके अलावा गाजीपुर में तीन अपराधियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) लगाया गया।
चंदौली में हत्या और लूट के ज्यादातर मामलों का खुलासा
अपराध नियंत्रण के मोर्चे पर चंदौली पुलिस ने हत्या और लूट की घटनाओं के खुलासे का भी आंकड़ा पेश किया। जिले में हत्या के 21 मामलों में से 20 का खुलासा किया गया, जबकि लूट के 20 मामलों में से 19 मामले सुलझाए गए।
गांजा, हेरोइन और अवैध शराब की बड़ी बरामदगी
मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई में चंदौली से 2,849 किलोग्राम से अधिक गांजा और 1.9 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई। शराब तस्करी के मामलों में 648 मुकदमे दर्ज किए गए। इनमें चंदौली पुलिस ने 89,706 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की।
गोतस्करी के खिलाफ भी अभियान
गोतस्करी के खिलाफ कार्रवाई में गाजीपुर में 43 मुकदमे दर्ज किए गए। वहीं, चंदौली में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 687 गोवंश को मुक्त कराया।
अवैध गतिविधियों की सूचना देने की अपील
डीआईजी वैभव कृष्ण ने आम लोगों से अवैध गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब और गोतस्करी, अवैध खनन, अवैध शस्त्र, देह व्यापार, मादक पदार्थों की तस्करी, जुआ, छेड़खानी और रंगदारी जैसी गतिविधियों की सूचना पुलिस को दें।
इसके लिए पुलिस सतर्क मित्र का व्हाट्सएप नंबर 7839860411 जारी किया गया है। पुलिस ने लोगों से ऐसी गतिविधियों की जानकारी इस नंबर पर साझा करने की अपील की है।
