Movie prime

वाराणसी: शराब पीने से मना करना पड़ा भारी! पोखरे से लौट रहे युवक को चाकू मारकर किया घायल

 
marpeet
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र के घमहापुर में पोखरे पर शराब पीने से मना करने को लेकर विवाद के बाद एक युवक के साथ मारपीट और चाकूबाजी का मामला सामने आया है। आरोप है कि पोखरे से घर लौट रहे युवक को रास्ते में घेरकर कुछ लोगों ने पहले गाली-गलौज की और फिर मारपीट करते हुए उसकी पीठ में चाकू मार दिया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

जानकारी के मुताबिक, लोहता थाना क्षेत्र के बनकट निवासी अनिशा पत्नी खुर्शीद ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उनके भाई सुनील ने नगर पंचायत गंगापुर में एक पोखरा लिया है, जहां वह मछली पालन का काम करते हैं। आरोप है कि चार दिन पहले अयान खान अपने कुछ साथियों के साथ पोखरे पर बनी मड़ई में पहुंचा और वहां शराब पीने लगा। सुनील ने इसका विरोध करते हुए उन्हें वहां से जाने के लिए कह दिया था।

आरोप है कि इसी विवाद को लेकर जब सुनील पोखरे से अपने घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में अयान खान अपने चार साथियों के साथ पहुंच गया। सभी ने उन्हें रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट करने लगे। इसी दौरान अयान खान ने सुनील की पीठ में चाकू मार दिया। किसी तरह खुद को बचाकर सुनील वहां से भागे और टेंपो स्टैंड के पास शहबाज की दुकान पर पहुंचे।

अनिशा के मुताबिक, सुनील ने वहां शहबाज को घटना की जानकारी दी और बताया कि उसके गांव के लड़कों और भतीजे अयान खान ने उनके साथ मारपीट की है। आरोप है कि इसके बाद शहबाज, अरबाज और जावेद निवासी आहोपुर, जंसा ने भी सुनील के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। साथ ही शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।