85 योजनाएं, 65 को A+ ग्रेड, वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी की राह पर वाराणसी! प्रभारी मंत्री की बैठक में बड़ा प्लान तैयार
वाराणसी। उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री और वाराणसी के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना की अध्यक्षता में सर्किट हाउस सभागार में विकास कार्यों की व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीएम डैशबोर्ड के आंकड़ों के आधार पर जिले में चल रही योजनाओं की प्रगति और प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने में वाराणसी के योगदान पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बताया कि जिले में 30 विभागों की 85 योजनाएं संचालित हैं, जिनमें से 65 योजनाओं को ‘ए प्लस’ ग्रेड मिला है। वर्तमान में जिले की रैंकिंग 40 है।
मनरेगा भुगतान और योजनाओं की जानकारी पर जोर
प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मनरेगा श्रमिकों को शत-प्रतिशत और समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि शासन की सभी योजनाओं की जानकारी आम जनता और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाई जाए, ताकि पात्र लोगों को समय पर लाभ मिल सके।

छात्रवृत्ति योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि कोई भी पात्र छात्र लाभ से वंचित न रहे। पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा के दौरान उन्होंने सब्सिडी वितरण की पूरी प्रक्रिया की जांच करने को कहा।
स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं पर फोकस
जल निगम द्वारा पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत के निर्देश दिए गए। स्वच्छ भारत मिशन में जिले को प्रथम स्थान दिलाने के लिए सभी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से इसे जनआंदोलन के रूप में लेने का आह्वान किया गया।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय सोलर स्ट्रीट लाइट योजना में 535 के लक्ष्य के सापेक्ष सभी लाइटें स्थापित कर जिले ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
कृषि, मत्स्य और ग्रामीण योजनाओं की समीक्षा
मत्स्य संपदा योजना के प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया गया, ताकि अधिक से अधिक लोग इससे जुड़ सकें और जिले की जीडीपी में योगदान बढ़े। कृषि, पशुपालन, वानिकी और मत्स्य क्षेत्र में तीन गुना वृद्धि का लक्ष्य रखा गया।
पीएम कुसुम योजना में 328 आवेदनों में से 213 स्वीकृत हुए और 201 लाभार्थियों को पंप वितरित किए जा चुके हैं, जिसमें जिला प्रदेश में पहले स्थान पर है।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 65.97 लाख रुपये लाभार्थियों को हस्तांतरित किए गए हैं।
महिला एवं युवा कल्याण योजनाओं की प्रगति
कन्या सुमंगला योजना के तहत अब तक 87,052 लाभार्थियों को 19.89 करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 818 के लक्ष्य के मुकाबले 957 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए, ताकि अधिक से अधिक युवा बैंक ऋण लेकर स्वरोजगार शुरू कर सकें। प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार की प्रमुख प्राथमिकता रोजगार सृजन है।
ट्रांसफार्मर और बिजली सुधार कार्य
जिले में खराब ट्रांसफार्मरों की 3851 शिकायतों में से 3829 ट्रांसफार्मर बदले जा चुके हैं और शेष 22 को ठीक किया गया है। कृषि रक्षा रसायन डीबीटी और फसल बीमा योजना में भी जिला प्रदेश में शीर्ष स्थान पर है।
निरीक्षण और जनसुनवाई
बैठक से पहले प्रभारी मंत्री ने पांडेयपुर और सरसौली की मलिन बस्तियों में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। नगर निगम के वार्डों में निर्माण कार्यों की स्थिति देखी और रविंद्रपुरी स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय में जनसुनवाई कर नागरिकों की समस्याएं सुनीं।
उज्ज्वला योजना का लाइव प्रसारण
बैठक के दौरान लखनऊ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा होली के अवसर पर 1.86 करोड़ उज्ज्वला परिवारों को 1500 करोड़ रुपये की गैस रिफिल सब्सिडी वितरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। इसके अंतर्गत जिले की चयनित महिला लाभार्थियों को भी सब्सिडी प्रदान की गई।
बैठक में स्टाम्प राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, विधायक डॉ. अवधेश सिंह, त्रिभुवन राम, डॉ. सुनील पटेल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
अंत में जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि मंत्री के निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन किया जाएगा और प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने में वाराणसी अपना प्रभावी योगदान देगा।
