Movie prime

वाराणसी : रिक्शा चालक ने ब्लेड से गर्दन काटकर की आत्महत्या की कोशिश, पुलिस पर मारपीट का लगाया आरोप, जांच शुरू

वाराणसी के पक्की बाजार में 45 वर्षीय रिक्शा चालक ने ब्लेड से गर्दन काटकर आत्महत्या की कोशिश की। गंभीर हालत में उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। होश में आने पर उसने चौक पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया। पुलिस ने आरोपों से इनकार करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
 
वाराणसी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: कैंट थाना क्षेत्र के पक्की बाजार में सोमवार दोपहर एक रिक्शा चालक ने ब्लेड से अपनी गर्दन काटकर आत्महत्या की कोशिश की। खून से लथपथ हालत में सड़क पर दौड़ते हुए वह कुछ दूर जाकर अचेत हो गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। होश में आने के बाद घायल ने पुलिस पर मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस ने आरोपों से इनकार किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

चोरी की शिकायत के बाद पुलिस पर मारपीट का आरोप

घायल रिक्शा चालक की पहचान राजेश कुमार पांडेय (45) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से जौनपुर के केराकत क्षेत्र के अईलीपुर गांव का रहने वाला है। फिलहाल जलालीपुरा के तेलियाना फाटक क्षेत्र में रहकर रिक्शा चलाता है।

राजेश ने पुलिस को बताया कि उसके घर में कुछ दिन पहले चोरी हुई थी। चोरी की शिकायत लेकर वह पुलिस के पास गया था। उसका आरोप है कि इस दौरान चौक थाने की पुलिस ने उसके साथ मारपीट की।

राजेश के मुताबिक सोमवार को भी चौक पुलिस उसे थाने लेकर गई थी। वहां उसके साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। इस घटना के बाद वह काफी परेशान था। इसी के बाद उसने ब्लेड से अपनी गर्दन काटकर जान देने की कोशिश की।

सड़क पर खून से लथपथ दौड़ा, फिर हुआ बेहोश

सोमवार दोपहर पक्की बाजार में राजेश ने ब्लेड से अपनी गर्दन काट ली। गर्दन से खून निकलने के बाद वह दर्द से चीखते हुए सड़क पर दौड़ने लगा। कुछ दूर जाने के बाद वह अचेत होकर गिर पड़ा।

घटना देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से उसे पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।

गर्दन पर करीब 12 सेंटीमीटर गहरा घाव

डीडीयू अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में तैनात डॉक्टर परवेज अहमद के मुताबिक राजेश की गर्दन पर करीब 12 सेंटीमीटर गहरा घाव है। उसका इलाज किया जा रहा है। घटना के बाद पुलिस ने राजेश के बयान भी दर्ज किए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर किन परिस्थितियों में उसने इतना बड़ा कदम उठाया।

कैंट पुलिस बोली- मानसिक रूप से परेशान है युवक

कैंट पुलिस का कहना है कि युवक मानसिक रूप से परेशान है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही राजेश की ओर से चौक पुलिस पर लगाए गए मारपीट के आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक फिलहाल आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि राजेश के साथ थाने में मारपीट हुई थी या नहीं।

चौक पुलिस ने मारपीट के आरोप से किया इनकार

वहीं चौक थानाध्यक्ष दिलीप कुमार मिश्रा ने राजेश के आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि गला काटने की घटना चौक थाना क्षेत्र में नहीं हुई है। उन्होंने मारपीट की घटना से भी इनकार किया। थानाध्यक्ष ने कहा कि अगर इस संबंध में कोई शिकायत मिलती है तो उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।