Movie prime

वाराणसी में दर्दनाक सड़क हादसा: पेट्रोल भरवाने निकले दो जिगरी दोस्तों को पिकअप ने मारी टक्कर, मौत

 
Accident
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। जिले के बड़ागांव थाना क्षेत्र में रविवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो जिगरी दोस्तों की मौत हो गई। दोनों युवक बाइक से पेट्रोल भरवाने जा रहे थे, तभी गजापुर के पास उनकी बाइक की एक पिकअप वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

गजापुर के पास हुआ भीषण हादसा

पुलिस के अनुसार, शेरवानीपुर निवासी सतीश (24) और पतेर गांव निवासी मूलचंद (24) घनिष्ठ मित्र थे। रविवार सुबह दोनों एक ही बाइक से पेट्रोल पंप की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गजापुर के पास सामने से आ रही पिकअप से उनकी टक्कर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

पिकअप चालक हिरासत में

सूचना मिलने पर बड़ागांव पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और पिकअप वाहन को कब्जे में ले लिया है। साथ ही पिकअप चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दो युवा दोस्तों की एक साथ हुई मौत से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध है।