दर्शन करने गया था परिवार, रेलवे कर्मचारी के घर से 50 लाख के गहने और नकदी पार
वाराणसी के रोहनिया में चोरों ने रेलवे कर्मचारी के घर को निशाना बनाते हुए 50 लाख रुपये के गहने और नकदी चोरी कर ली। परिवार नवरात्रि में दर्शन के लिए बाहर गया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर CCTV और सर्विलांस के जरिए जांच तेज कर दी है।
वाराणसी: रोहनिया थाना क्षेत्र के गोविंदपुर इलाके में शनिवार रात एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने रेलवे कर्मचारी के घर का ताला तोड़कर करीब 50 लाख रुपये के गहने और डेढ़ लाख रुपये नकद चोरी कर लिए।
घटना की सूचना मिलते ही रोहनिया पुलिस फिंगरप्रिंट टीम के साथ मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी रोहनिया संजीव शर्मा और थाना प्रभारी राजू सिंह ने भी मौके का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार से पूछताछ की।
दर्शन के लिए गया परिवार, पीछे से घर साफ
जानकारी के अनुसार, गोविंदपुर निवासी मनोज गुप्ता रेलवे विभाग में वाराणसी सिटी स्टेशन पर कार्यरत हैं। नवरात्रि के अवसर पर वह शनिवार रात अपने परिवार के साथ मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए गए थे।
रविवार तड़के घर लौटने पर उन्होंने देखा कि निचले तल से ऊपर जाने वाले दरवाजे का ताला और कुंडी टूटी हुई थी। अंदर का नजारा देख परिवार के होश उड़ गए, कमरों में सामान बिखरा पड़ा था और चारों आलमारियां टूटी हुई थीं।
गहनों से भरे घर को खंगाल ले गए चोर
पीड़ित के मुताबिक, चोरों ने घर में रखी अटैचियों और बक्सों को भी तोड़कर खंगाल डाला। चोरी गए सामान में करीब 50 लाख रुपये के गहने और 1.5 लाख रुपये नकद शामिल हैं।
गहनों में परिवार की महिलाओं के कीमती आभूषण जैसे चूड़ी, हार, झुमके, पायल, करधनी, अंगूठियां और बच्चे के डायमंड व चांदी के आभूषण शामिल हैं।
जांच में जुटी पुलिस, CCTV खंगाले जा रहे
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही सर्विलांस के जरिए संदिग्धों की तलाश की जा रही है। पीड़ित परिवार का कहना है कि गहने वर्षों पहले बनवाए गए थे, जिनकी वर्तमान कीमत काफी अधिक है। इस बड़ी चोरी से परिवार गहरे सदमे में है।
