Movie prime

सारनाथ में अराजक तत्वों ने प्राचीन मंदिर में हनुमानजी की प्रतिमा तोड़ी, मंदिर का घंटा चोरी, CCTV खंगाल रही पुलिस

वाराणसी के सारनाथ क्षेत्र स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में रात के दौरान घंटा चोरी और प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है और आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है।

 
वाराणसी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: सारनाथ थाना क्षेत्र के सथवा स्थित बऊली के प्राचीन हनुमान मंदिर में सोमवार सुबह तोड़फोड़ और चोरी की घटना सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात लोगों ने मंदिर का घंटा चोरी कर लिया और वहां स्थापित प्राचीन हनुमान प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर उसके हिस्सों को मंदिर के बाहर फेंक दिया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए।

सुबह खेत पहुंचे ग्रामीण ने देखी घटना

जानकारी के अनुसार, सथवा निवासी डॉ. अरविंद श्रीवास्तव के परिवार की भूमि पर पीपल के पेड़ के नीचे यह प्राचीन हनुमान मंदिर स्थित है। सोमवार सुबह करीब छह बजे गांव निवासी वीरेंद्र धान की बुआई के लिए खेत पहुंचे तो मंदिर के बाहर प्रतिमा के टूटे हुए हिस्से बिखरे देख उन्होंने इसकी जानकारी ग्रामीणों और मंदिर से जुड़े लोगों को दी।

मंदिर का गेट तोड़कर चोरी का आरोप

ग्रामीणों के मुताबिक, रात के दौरान अज्ञात लोगों ने मंदिर का गेट तोड़ा, वहां लगा घंटा चोरी कर लिया और करीब पांच फीट ऊंची प्राचीन हनुमान प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।

पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे

सूचना मिलने पर सारनाथ के एसीपी और थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रतिमा के क्षतिग्रस्त हिस्सों को सुरक्षित एकत्र कर मंदिर के अंदर रखवाया और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की जांच के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

ग्रामीणों ने जताई आशंका

मामले में डॉ. अरविंद श्रीवास्तव की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। कुछ ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर परिसर के चबूतरे पर अक्सर असामाजिक तत्व बैठते हैं और नशा करते हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि घटना में ऐसे लोगों की भूमिका हो सकती है। हालांकि पुलिस ने कहा है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।