Movie prime

फर्जी कंपनी बनाकर शेयर मार्केट में पैसा लगवाने वाले 3 ठग गिरफ्तार, 1 साल में पैसा तीन गुना करने का देते थे झांसा 

सारनाथ पुलिस ने नासिक से करोड़ों की ठगी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जो लोगों को 1 साल में तीन गुना पैसा लौटाने का झांसा देकर धोखाधड़ी करते थे। पुलिस ने लैपटॉप, मोबाइल, एटीएम कार्ड, पासबुक और फर्जी दस्तावेज बरामद किए। आरोपियों पर कई मामले पहले से दर्ज हैं।
 
3 ठग गिरफ्तार
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: वाराणसी की सारनाथ पुलिस ने करोड़ों की ऑनलाइन और ऑफलाइन धोखाधड़ी में शामिल तीन आरोपियों को महाराष्ट्र के नासिक से गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने सर्विलांस लोकेशन के आधार पर दबिश देकर गिरोह के मास्टरमाइंड राजेन्द्र प्रसाद जयसवाल उर्फ सोती, उसकी पत्नी धनौती देवी और रिश्तेदार संगीता उपेन्द्रनाथ जयसवाल को हिरासत में लिया। सभी आरोपी मूल रूप से गोरखपुर के निवासी हैं।

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने तीन ATM कार्ड, एक लेनोवो लैपटॉप, पांच मोबाइल फोन, फर्जी मोहरें, दस बैंक पासबुक, पैन कार्ड, चेक बुक और स्टॉक ब्रोकर के नाम से लेटर पैड सहित भारी मात्रा में आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए।

कैसे करते थे ठगी

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ग्रामीण व परिचित लोगों को 1 साल में तीन गुना पैसा वापस करने का लालच देकर मोटा पैसा निवेश कराने के लिए तैयार करते थे। कई लोग उनके झांसे में आ गए और बिना किसी व्यवसाय और प्लान के आरोपियों को करोड़ों रुपये सौंप बैठे। इसी रकम को आरोपी आपस में बांटकर ठगी को अंजाम देते थे।


नासिक में चल रहा था पूरा ऑपरेशन

साइबर सेल की लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम 16 नवंबर को नासिक पहुंची, जहां यशलक्ष्मी इडेन अपार्टमेंट में दबिश देकर तीनों को गिरफ्तार किया गया। 

आपराधिक इतिहास चौंकाने वाला

गिरफ्तार आरोपी राजेन्द्र पर गोरखपुर में पहले से ही 406, 419, 420 और 120-B जैसी गंभीर धाराओं में कई मामले दर्ज हैं। इसके बावजूद वह परिवार के साथ महाराष्ट्र में छिपकर ठगी का रैकेट चला रहा था।

पुलिस ने सभी आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर वाराणसी लाकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष सारनाथ शिवानंद सिसौदिया, उप निरीक्षक अमरजीत कुमार सहित पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।