वाराणसी: मंदिर में दर्शन के बहाने चोरी, सारनाथ में 4 महिला चेन स्नैचर गिरफ्तार
वाराणसी के सारनाथ में मंदिरों में सक्रिय महिला चेन स्नैचिंग गैंग का खुलासा हुआ है। पुलिस ने चार महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके पास से सोने की चेन और अंगूठियां बरामद की हैं। आरोपी मंदिरों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में चोरी कर परिवार का खर्च चलाती थीं।
वाराणसी: सारनाथ थाना क्षेत्र में मंदिर परिसर में सक्रिय महिला चेन स्नैचिंग गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने सारंगनाथ महादेव मंदिर के पास से चार महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के आभूषण बरामद किए हैं।
थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी के अनुसार, सारंगतालाब स्थित लक्ष्मी मंदिर में शुक्रवार को दर्शन के दौरान कतार में खड़ी महिलाओं की सोने की चेन चोरी होने की सूचना मिली थी। घटना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया और संदिग्धों की तलाश में दबिश दी।
इसी क्रम में शनिवार देर रात करीब डेढ़ बजे पुलिस को सूचना मिली कि कुछ महिलाएं चोरी के आभूषण बेचने की फिराक में सारंगनाथ महादेव मंदिर के पास मौजूद हैं। सूचना पर उपनिरीक्षक अमरजीत कुमार और महिला उपनिरीक्षक संगीता अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मंदिर की सीढ़ियों पर बैठी चारों महिलाओं को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने लक्ष्मी मंदिर में दर्शन के दौरान महिलाओं की चेन चोरी करने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने दो सोने की चेन और सात अंगूठियां बरामद की हैं।
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान रीना देवी, रोशनी, रमौली और रेखा के रूप में हुई है, जो हिरामनपुर सिंधौरा क्षेत्र की रहने वाली हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मंदिरों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर चेन स्नैचिंग कर अपने परिवार का खर्च चलाती हैं। पुलिस ने चारों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
