Movie prime

क्या आप भी सावन में बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने आ रहे हैं? पहले देख लें कहां मिलेगी पार्किंग, 37 पार्किंग स्थल तय

सावन 2026 में बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए वाराणसी पुलिस ने 37 पार्किंग स्थल चिन्हित किए हैं। दोपहिया, चारपहिया और बसों के लिए अलग व्यवस्था की गई है। जानिए नया ट्रैफिक प्लान और किन-किन स्थानों पर मिलेगी पार्किंग।
 
वाराणसी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: सावन माह में बाबा श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए लाखों श्रद्धालुओं के वाराणसी पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। शहर में जाम की स्थिति से बचने और श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम बनाने के लिए 37 पार्किंग स्थलों को चिन्हित किया गया है। इन स्थानों पर दोपहिया, चारपहिया और बसों के लिए अलग-अलग क्षमता के अनुसार पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी।

जाम से राहत के लिए तैयार किया गया विशेष ट्रैफिक प्लान

एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा ने बताया कि इस बार पार्किंग व्यवस्था को पहले से अधिक व्यवस्थित बनाया गया है, ताकि शहर के प्रमुख मार्गों और काशी विश्वनाथ मंदिर क्षेत्र में वाहनों का दबाव कम रहे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही डिजिटल साइन बोर्ड भी लगाए जाएंगे, जिससे पार्किंग और डायवर्जन संबंधी जानकारी लोगों को आसानी से मिल सके।

इन इलाकों में बनाई गई पार्किंग व्यवस्था

योजना के तहत रोहनिया, मंडुवाडीह, लंका, भेलूपुर, लक्सा, चेतगंज, कैंट, चौक, दशाश्वमेध, आदमपुर, सारनाथ और जंसा थाना क्षेत्रों में पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। श्रद्धालु ट्रांसपोर्ट नगर, जगतपुर इंटर कॉलेज, एफसीआई गोदाम, लहरतारा स्थित एनईआर रेलवे मैदान, बड़ी और छोटी कटिंग मेमोरियल स्कूल, एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज, बेनियाबाग, गोदौलिया मल्टीलेवल पार्किंग, नरिया-हैदराबाद रोड, सामनेघाट तथा सीएमएस कमच्छा सहित कई स्थानों पर अपने वाहन पार्क कर सकेंगे।

VIP और बड़े वाहनों के लिए अलग इंतजाम

प्रशासन ने वीआईपी और प्रशासनिक अधिकारियों के वाहनों के लिए भी अलग व्यवस्था की है। हरिश्चंद्र डिग्री कॉलेज के सामने स्थित मैदान को विशेष रूप से वीआईपी पार्किंग के लिए आरक्षित किया गया है। वहीं गोदौलिया मल्टीलेवल पार्किंग को पूरी क्षमता के साथ संचालित किया जाएगा, ताकि विश्वनाथ मंदिर क्षेत्र में वाहनों की भीड़ न बढ़े।

बसों और अन्य बड़े वाहनों के लिए ट्रांसपोर्ट नगर, जगतपुर इंटर कॉलेज, लहरतारा रेलवे मैदान और कटिंग मेमोरियल स्कूल के मैदानों में विशेष पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इससे शहर के अंदर भारी वाहनों का दबाव कम रहेगा और यातायात सुचारु रूप से संचालित हो सकेगा।

थाना क्षेत्रवार पार्किंग की पूरी व्यवस्था

रोहनिया क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट नगर मैदान, जगतपुर इंटर कॉलेज मैदान और भाष्कर पोखरा (मुढ़ेला) को पार्किंग स्थल बनाया गया है। मंडुवाडीह क्षेत्र में एफसीआई गोदाम और एनईआर रेलवे मैदान में वाहन खड़े किए जा सकेंगे।

लक्सा क्षेत्र में मजदा टॉकीज, पीडीआर परिसर और सनातन धर्म इंटर कॉलेज, रामापुरा को पार्किंग स्थल बनाया गया है। कोतवाली क्षेत्र में मच्छोदरी पार्क मैदान, टाउनहाल पार्किंग, हरिश्चंद्र डिग्री कॉलेज मैदान तथा प्रशासनिक वाहनों के लिए अलग पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।

चेतगंज क्षेत्र में क्वींस इंटर कॉलेज, राजकीय आईटीआई मैदान, चित्रकूट रामलीला मैदान और सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर को पार्किंग के लिए चिन्हित किया गया है। आदमपुर क्षेत्र में भैसासुर घाट, भदऊ चुंगी रेलवे मैदान, नेशनल इंटर कॉलेज (पीलीकोठी) और काशी रेलवे स्टेशन परिसर में वाहन खड़े किए जा सकेंगे।

कैंट क्षेत्र में बड़ी और छोटी कटिंग मेमोरियल स्कूल के मैदान तथा सेंट मेरी कॉलेज के समीप पार्किंग की सुविधा रहेगी। लंका क्षेत्र में नरिया-हैदराबाद रोड, बाबा कीनाराम आश्रम के सामने और सामनेघाट स्थित सनबीम स्कूल के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

भेलूपुर क्षेत्र में एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज, द्वारिकाधीश मंदिर शंकुलधारा और सीएमएस कमच्छा को पार्किंग स्थल बनाया गया है। चौक क्षेत्र में गोदौलिया मल्टीलेवल पार्किंग तथा दशाश्वमेध क्षेत्र में बेनियाबाग और जयनारायण इंटर कॉलेज, रामापुरा में वाहन पार्क किए जा सकेंगे।

श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील

ट्रैफिक पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें। इससे सावन के दौरान काशी में ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु बनी रहेगी और बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।