Movie prime

वाराणसी: सावन में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बनेगी QRT, विश्वनाथ धाम से प्रमुख शिवालयों तक विशेष व्यवस्था

सावन 2026 को लेकर वाराणसी नगर निगम ने बड़ा एक्शन प्लान तैयार किया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए क्विक रिस्पांस टीम (QRT) बनाई जाएगी, जो सफाई, सीवर, पेयजल और स्ट्रीट लाइट से जुड़ी समस्याओं का तत्काल समाधान करेगी। विश्वनाथ धाम सहित प्रमुख शिवालयों पर विशेष व्यवस्था रहेगी।
 
QRT
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: सावन महीने में काशी आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। सफाई, सीवर, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और अतिक्रमण जैसी समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के लिए क्विक रिस्पांस टीम (QRT) का गठन किया जाएगा। नगर निगम का उद्देश्य है कि सावन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।


सफाई, सीवर और स्ट्रीट लाइट की शिकायतों का होगा तत्काल समाधान

सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में महापौर अशोक कुमार तिवारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कांवड़ मार्गों पर साफ-सफाई, सीवर ओवरफ्लो, पेयजल आपूर्ति और मार्ग प्रकाश से जुड़ी शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया जाए। इसके लिए बनाई जाने वाली क्विक रिस्पांस टीम पूरे सावन माह के दौरान लगातार सक्रिय रहेगी।

विश्वनाथ धाम, घाटों और गलियों की होगी विशेष सफाई

महापौर ने श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के साथ शहर के सभी प्रमुख शिवालयों और गंगा घाटों पर विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। खास तौर पर दशाश्वमेध घाट, शीतला घाट, राजेंद्र प्रसाद घाट और अस्सी घाट को जोड़ने वाली गलियों की सुबह और शाम नियमित सफाई कराई जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।

आवारा पशु और अतिक्रमण हटाने का चलेगा अभियान


नगर निगम ने तय किया है कि श्रद्धालुओं के आवागमन वाले मार्गों पर आवारा पशुओं की मौजूदगी और अतिक्रमण को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शहर को भिक्षामुक्त काशी बनाने के अभियान में भी तेजी लाई जाएगी। वहीं सावन के दौरान अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई और सख्ती से जारी रहेगी।


सीवर जाम पर अलर्ट रहेंगी जेटिंग मशीनें

सावन में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए सीवर जाम की समस्या से निपटने के लिए जेटिंग मशीनों को अलर्ट मोड पर रखा जाएगा। इसके अलावा पंचकोशी मार्ग की सड़कों की मरम्मत और व्यापक सफाई के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए हैं।नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नगर निगम की सभी टीमें पूरे सावन माह में फील्ड पर सक्रिय रहेंगी।

विश्वनाथ धाम से सारंगनाथ तक इन प्रमुख शिवालयों पर रहेगी विशेष व्यवस्था
नगर निगम ने सावन के मद्देनजर उन प्रमुख मंदिरों और शिवालयों की सूची भी तैयार की है, जहां विशेष व्यवस्थाएं की जाएंगी। इनमें श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, गौरी केदारेश्वर, तिलभांडेश्वर, महामृत्युंजय, सारंगनाथ, कर्दमेश्वर महादेव, बैजनत्था, पातालेश्वर महादेव, ओंकारेश्वर, बिंदुमाधव, मल्लिकार्जुन (सिगरा), शीतला माता मंदिर, चेतगंज स्थित बेन बाबा मंदिर, मडुआडीह एवं तुलसीपुर के शिव मंदिर, जयप्रकाश नगर और माधोपुर का नया शिव मंदिर तथा केदारनाथ मंदिर शामिल हैं।

नगर निगम का दावा है कि सावन के दौरान इन सभी स्थानों पर सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, सीवर और यातायात संबंधी सुविधाओं की नियमित निगरानी की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को निर्बाध और सुरक्षित दर्शन की सुविधा मिल सके।