Movie prime

वाराणसी में टला बड़ा हादसा: स्कूली बस पर गिरा हाईटेंशन लाइन का जर्जर पोल, बच्चों को सुरक्षित निकाला
 

 
 वाराणसी में टला बड़ा हादसा: स्कूली बस पर गिरा हाईटेंशन लाइन का जर्जर पोल, बच्चों को सुरक्षित निकाला
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्कूल से बच्चों को घर छोड़ने जा रही एक स्कूली बस पर हाईटेंशन बिजली लाइन का जर्जर पोल अचानक गिर पड़ा। गनीमत रही कि इस हादसे में बस में सवार सभी बच्चे सुरक्षित बच गए और एक बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पोल गिरते ही आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए बस में फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें उनके घरों के लिए रवाना किया। घटना की सूचना मिलते ही बच्चों के अभिभावक भी मौके पर पहुंच गए, जिससे कुछ देर के लिए इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए। उनका कहना है कि इलाके में लंबे समय से बिजली के जर्जर पोल और तारों की शिकायत की जा रही थी, लेकिन विभाग ने समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की। लोगों का आरोप है कि विभाग की लापरवाही के कारण बच्चों की जान जोखिम में पड़ गई।

अभिभावकों ने घटना पर गहरी चिंता जताते हुए बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने क्षेत्र के सभी जर्जर बिजली पोल और हाईटेंशन तारों को तत्काल बदलने की मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से भी पूरे क्षेत्र में बिजली व्यवस्था का सुरक्षा ऑडिट कराने और संभावित खतरे वाले पोल व तारों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में इससे भी बड़ा हादसा हो सकता है।