Movie prime

वाराणसी: स्कूल चलो अभियान की जागरूकता रैली निकली, अधिक नामांकन करने वाले विद्यालय और शिक्षक हुए सम्मानित
 

 
 वाराणसी: स्कूल चलो अभियान की जागरूकता रैली निकली, अधिक नामांकन करने वाले विद्यालय और शिक्षक हुए सम्मानित
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। सेवापुरी विकासखंड के पीएम श्री विद्यालय ठटरा से मंगलवार सुबह 'स्कूल चलो अभियान' के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र के प्रत्येक बच्चे का विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित करना और अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक करना रहा।

रैली को खंड विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र सिंह, ग्राम प्रधान सुनील कुमार बिंद तथा खंड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली विभिन्न बस्तियों से होकर गुजरी, जहां छात्र-छात्राओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर शिक्षा का संदेश दिया तथा अभिभावकों से बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने की अपील की।

रैली के समापन के बाद पीएम श्री विद्यालय ठटरा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार यादव ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा से जोड़ना हम सभी की प्राथमिकता है और इसके लिए जनसहभागिता बेहद जरूरी है।

कार्यक्रम के दौरान पिछले वर्ष की तुलना में अधिक नामांकन करने वाले छह विद्यालयों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं, 'स्कूल चलो अभियान' के तहत सर्वाधिक नामांकन करने वाले तीन विद्यालयों को विशेष सम्मान प्रदान किया गया।

नामांकन के मामले में उच्च प्राथमिक विद्यालय ठटरा ने 195 विद्यार्थियों के नामांकन के साथ पहला स्थान हासिल किया। कम्पोजिट विद्यालय करधना ने 139 तथा पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय ठटरा ने 119 छात्र-छात्राओं का नामांकन कर क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया।

अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि इस अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालयों में प्रवेश सुनिश्चित होगा और क्षेत्र में शिक्षा के प्रति जागरूकता और बढ़ेगी।