Movie prime

वाराणसी: दरवाजा बंदकर फांसी लगाने जा रहा था युवक, कपसेठी पुलिस ने बचाई जान 

वाराणसी के सेवापुरी में युवक ने घरेलू विवाद के बाद फांसी लगाने की कोशिश की, लेकिन समय रहते पुलिस ने दरवाजा तोड़कर उसकी जान बचा ली। 112 पर मिली सूचना के बाद पहुंची टीम की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने युवक को समझाकर परिवार को सौंप दिया।

 
कपसेठी पुलिस
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: सेवापुरी क्षेत्र के कपसेठी थाना अंतर्गत लखनसेनपुर गांव में शुक्रवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक द्वारा फांसी लगाने की सूचना सामने आई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत कार्रवाई करते हुए युवक की जान बचा ली।

घरेलू विवाद के बाद उठाया खौफनाक कदम

गांव निवासी पखंड का पुत्र दीपक, जो कथित तौर पर शराब का आदी बताया जाता है, का घर में किसी बात को लेकर परिजनों से विवाद हो गया। विवाद के बाद वह गुस्से में अपने कमरे में चला गया और फांसी लगाने की धमकी देते हुए दरवाजा अंदर से बंद कर लिया।

बहन की सूझबूझ से पहुंची पुलिस

युवक की हरकत से घबराई उसकी बहन ने तुरंत 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन दरवाजा नहीं खुला।

दरवाजा तोड़कर पुलिस ने बचाई जान

काफी प्रयास के बाद जब युवक ने दरवाजा नहीं खोला, तो पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। अंदर देखा गया कि युवक फंदा तैयार कर रहा था। पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए उसे समझाया और सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

पुलिस की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

कपसेठी थाने के सब इंस्पेक्टर अभिषेक तिवारी ने युवक को समझाकर भविष्य में ऐसी हरकत न करने की सख्त हिदायत दी। पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया, जिसके बाद परिवार ने राहत की सांस ली।