वाराणसी: मिर्ज़ामुराद में रोडवेज बस और ट्रक की जोरदार टक्कर, कई यात्री घायल
Varanasi : मिर्ज़ामुराद थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। ग्राम रूपापुर स्थित राधे कृष्णा होटल के सामने वाराणसी से प्रयागराज जा रही रोडवेज बस ओवरटेक के दौरान आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई।
पुलिस के अनुसार, रोडवेज बस संख्या UP63BT3771 प्रयागराज की ओर जा रही थी। इसी दौरान ओवरटेक करते समय बस आगे चल रहे ट्रक संख्या UP77AT5321 से भिड़ गई। हादसे में बस चालक समेत कई यात्रियों को चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही मिर्जामुराद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यातायात को सामान्य करा दिया। मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है।
