वाराणसी में बड़ा हादसा टला: गंगा में डूब रहीं 3 लड़कियों को नाविकों ने बचाया
वाराणसी के शिवाला घाट पर गंगा स्नान के दौरान 15 तीर्थयात्री गहरे पानी में चले गए, जिससे तीन लड़कियां डूबने लगीं। मौके पर मौजूद नाविकों ने तुरंत रेस्क्यू कर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सभी तीर्थयात्री आंध्र प्रदेश से काशी दर्शन के लिए आए थे।
वाराणसी: शिवाला घाट पर रविवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। गंगा स्नान के दौरान 15 तीर्थयात्री अचानक गहरे पानी में चले गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान तीन लड़कियां डूबने लगीं।
घटना सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्नान के दौरान कुछ लोग धीरे-धीरे गहराई की ओर बढ़ गए और पानी का स्तर अचानक बढ़ने से वे संतुलन खो बैठे। तीन लड़कियां पानी में डूबने लगीं, जिससे आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
मौके पर मौजूद नाविकों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए गंगा में छलांग लगाई और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। उन्होंने तीनों लड़कियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इनमें से एक की हालत कुछ देर के लिए गंभीर हो गई थी, लेकिन नाविकों ने समय रहते सीपीआर देकर उसकी जान बचा ली।
बताया जा रहा है कि सभी तीर्थयात्री आंध्र प्रदेश से काशी दर्शन और पूजन के लिए आए थे। डूबने वाली लड़कियों की पहचान अनुशा, चिन्नी और एसवी पांडा के रूप में हुई है।
नाविकों ने बताया कि उन्होंने पहले ही तीर्थयात्रियों को गहरे पानी में न जाने की चेतावनी दी थी, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग आगे बढ़ गए, जिससे ये हादसा हुआ।
