Movie prime

वाराणसी में 40 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने छोड़ी SI की परीक्षा, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर भयंकर भीड़ 

वाराणसी में आयोजित उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। चार पालियों में हुई परीक्षा के लिए 77,760 उम्मीदवार पंजीकृत थे, लेकिन 40,191 अभ्यर्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचे। प्रशासन की निगरानी में 46 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षा संपन्न कराई गई।

 
SI की परीक्षा
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: पुलिस विभाग में उपनिरीक्षक (SI) बनने की चाह युवाओं में काफी अधिक देखी जाती है, लेकिन वाराणसी में आयोजित उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस व समकक्ष पदों की भर्ती परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचे।

शनिवार और रविवार को आयोजित चार पालियों की परीक्षा में कुल 77,760 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, लेकिन इनमें से 40,191 उम्मीदवार परीक्षा से अनुपस्थित रहे।

रविवार को दो पालियों में हुई परीक्षा

रविवार को शहर के 46 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई। दोनों पालियों में 19,440-19,440 अभ्यर्थी पंजीकृत थे।

पहली पाली (सुबह 10 से 12 बजे)
9,221 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि 10,219 अनुपस्थित रहे।

दूसरी पाली (दोपहर 3 से 5 बजे)
9,401 उम्मीदवार परीक्षा देने पहुंचे, जबकि 10,039 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।

इसी तरह शनिवार को आयोजित दोनों पालियों में भी 19,933 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

कड़ी सुरक्षा के बीच हुई परीक्षा

परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। हर परीक्षा केंद्र पर पुलिस बल तैनात रहा और पूरी प्रक्रिया पर प्रशासन की नजर बनी रही।

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल सहित कई अधिकारी लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते रहे।

सख्ती के साथ हुई जांच

परीक्षा से पहले अभ्यर्थियों की कड़ी जांच की गई। प्रवेश से पहले आधार ऑथेंटिकेशन, प्रवेश पत्र की जांच के साथ ही अभ्यर्थियों से कलावा, बेल्ट और अन्य सामान उतरवा लिए गए थे।

परीक्षा के दूसरे दिन रविवार शाम गोरखपुर और बिहार जाने वाली ट्रेनों में अभ्यर्थियों की भारी भीड़ देखने को मिली। इसका असर रोडवेज बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर भी देखने को मिला। ट्रेन के दरवाजे, शौचालय से लेकर  बोगी के गलियारों में ठुस्सम-ठुस्सा जैसा हाल रहा।