Movie prime

वाराणसी: कछवां-कपसेठी से बाबतपुर एयरपोर्ट तक बनेगी सिक्सलेन सड़क, 63.57 करोड़ मंजूर

वाराणसी में ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए कछवां से कपसेठी, बाबतपुर एयरपोर्ट होते हुए चौबेपुर मार्ग तक सिक्सलेन सड़क बनेगी। 63.57 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी मिली है। इससे रिंग रोड कनेक्टिविटी बेहतर होगी और हरहुआ चौराहे के जाम से राहत मिलेगी। टेंडर प्रक्रिया जल्द शुरू होगी।

 
सिक्सलेन सड़क
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: शहर और आसपास के जिलों के लिए बड़ी राहत की खबर है। राजातालाब से हरहुआ तक रिंग रोड पर बढ़ते वाहनों के दबाव और लगातार लगने वाले जाम को देखते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) ने कछवां से कपसेठी, बाबतपुर एयरपोर्ट होते हुए चौबेपुर मार्ग तक सिक्सलेन सड़क बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। शासन ने इस परियोजना के लिए 63 करोड़ 57 लाख 56 हजार रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है।

एयरपोर्ट और रिंग रोड कनेक्टिविटी होगी बेहतर

प्रस्तावित सिक्सलेन सड़क वाराणसी-भदोही मार्ग को कपसेठी में जोड़ेगी। इससे प्रयागराज, मीरजापुर, सोनभद्र और भदोही से आने वाले यात्रियों को लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, बाबतपुर तक पहुंचने में आसानी होगी। साथ ही चौबेपुर मार्ग से रिंग रोड तक सीधा संपर्क मिलने से स्थानीय लोगों को भी ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी।

हरहुआ चौराहे के जाम से मिलेगी निजात

वर्तमान में हरहुआ चौराहे पर वाहनों का अत्यधिक दबाव रहता है। राजातालाब और संदहा की ओर से आने वाले राहगीरों को हलुआ चौराहे से फ्लाईओवर के नीचे होकर रामेश्वर तक जाना पड़ता है, जिससे जाम की स्थिति बन जाती है। कई बार वाहन चालकों को चौराहा पार करने में तीन से चार मिनट तक रुकना पड़ता है, जबकि सप्ताह में एक-दो दिन गंभीर जाम की स्थिति भी उत्पन्न हो जाती है। वीआईपी मूवमेंट के दौरान यह समस्या और बढ़ जाती है।

6.30 करोड़ की पहली किस्त जारी होगी

शासन ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 6.30 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी करने की मंजूरी दी है। यह राशि मार्च के अंत तक लोक निर्माण विभाग को उपलब्ध कराई जाएगी। निर्माण कार्य की प्रगति के आधार पर अगले वित्तीय वर्ष में दूसरी किस्त जारी की जाएगी।

टेंडर प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश

वित्तीय स्वीकृति के साथ ही शासन ने लोक निर्माण विभाग को टेंडर प्रक्रिया जल्द शुरू करने के निर्देश दिए हैं। मार्च के अंत तक बजट जारी होते ही एजेंसी चयन की प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। टेंडर प्रक्रिया में लगभग 20 से 25 दिन का समय लग सकता है। विभाग ने सहायक और अवर अभियंताओं को पुनः सर्वे कर विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने को कहा है, ताकि निर्माण में कोई तकनीकी कमी न रह जाए।

लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता केके सिंह के अनुसार, सिक्सलेन सड़क बनने से क्षेत्रीय यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा और रिंग रोड व एयरपोर्ट कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।