Movie prime

काशी में अब 4 घंटे में होगा सीवर और स्ट्रीट लाइट की शिकायतों का समाधान, वाराणसी नगर निगम ने शुरू की नई व्हाट्सएप सेवा

वाराणसी नगर निगम ने गंगा तट से जुड़े 25 वार्डों में 'त्वरित समाधान स्मार्ट पायलट प्रोजेक्ट' शुरू किया है। अब नागरिक व्हाट्सएप पर फोटो और लाइव लोकेशन भेजकर सफाई, सीवर, जलभराव, स्ट्रीट लाइट समेत 14 समस्याओं की शिकायत दर्ज करा सकेंगे। चार घंटे में समाधान का लक्ष्य रखा गया है।

 
काशी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: काशी आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों को स्वच्छ और व्यवस्थित शहर का अनुभव दिलाने के उद्देश्य से नगर निगम ने नई पहल शुरू की है। 21 जुलाई से गंगा तट से जुड़े 25 वार्डों में 'त्वरित समाधान स्मार्ट पायलट प्रोजेक्ट' लागू किया जा रहा है। इसके तहत सफाई, सीवर, जलभराव, स्ट्रीट लाइट समेत 14 तरह की नागरिक समस्याओं का चार घंटे के भीतर निस्तारण करने का लक्ष्य तय किया गया है।

व्हाट्सएप पर दर्ज होगी शिकायत, तुरंत पहुंचेगी संबंधित अधिकारी तक

महापौर अशोक कुमार तिवारी ने बताया कि नागरिक सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच व्हाट्सएप चैटबॉट नंबर 8601872601 पर शिकायत दर्ज कर सकेंगे। शिकायत के साथ फोटो और लाइव लोकेशन अपलोड करना अनिवार्य होगा। शिकायत मिलते ही संबंधित अधिकारी के मोबाइल एप पर सूचना पहुंच जाएगी और तय समय सीमा के भीतर समाधान की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।

इन 14 समस्याओं का होगा त्वरित समाधान

इस सेवा के तहत डोर-टू-डोर कूड़ा उठान, सड़क और गली की सफाई, खाली प्लॉट की सफाई, नालियों की सफाई, सीवर ओवरफ्लो, 100 एमएम तक पाइपलाइन लीकेज, गंदे पानी का बहाव, जलभराव, नाला बैरिकेडिंग, स्ट्रीट लाइट बंद होना, बिजली के पोल में करंट उतरना, उद्यानों का कचरा हटाना, सार्वजनिक स्थानों से मृत पशुओं का निस्तारण और सार्वजनिक शौचालयों की सफाई जैसी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

कमांड सेंटर से होगी लगातार निगरानी

नगर निगम ने इस परियोजना की निगरानी के लिए कमांड सेंटर में 9 कर्मचारियों की तैनाती की है। सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक शिकायतों की मॉनिटरिंग की जाएगी। शिकायत का समाधान होने के बाद संबंधित नागरिक को व्हाट्सएप के माध्यम से सूचना भी भेजी जाएगी। इसके अलावा सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 0542-2720005 भी जारी किया गया है।

इन 25 वार्डों में मिलेगी सुविधा

यह पायलट प्रोजेक्ट फिलहाल गंगा तट और आसपास के 25 वार्डों में लागू किया गया है। इनमें आदमपुर, भेलूपुर, दशाश्वमेध और कोतवाली जोन के प्रमुख वार्ड शामिल हैं। राजघाट, प्रह्लादघाट, हनुमान फाटक, कोनिया, घसियारीटोला, ओमकारेश्वर, नगवां, बागहाड़ा, शिवाला, मदनपुरा, मध्यमेश्वर, आदि विश्वेश्वर, सूर्यकुंड, पियरीकला, गोलादीनानाथ, जंगमबाड़ी, रामापुरा, बंगाली टोला, दशाश्वमेध, सिगरा, ईश्वरगंगी, कृतिवाशेश्वर, बलुआबीर, बिंदुमाधव और कालभैरव वार्ड इसके दायरे में शामिल किए गए हैं।

नगर निगम का मानना है कि इस पहल से न केवल स्थानीय नागरिकों को त्वरित राहत मिलेगी, बल्कि बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी स्वच्छ और बेहतर काशी का अनुभव मिलेगा।