Movie prime

वाराणसी : सपा महिला सभा का एमडी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन, स्मार्ट मीटर के नाम पर मनमानी वसूली का आरोप

 
...
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: वाराणसी में स्मार्ट मीटर को लेकर बढ़ते विरोध के बीच समाजवादी पार्टी (सपा) महिला सभा ने पूर्वांचल विद्युत निगम लिमिटेड (PVVNL) के एमडी कार्यालय, भिखारीपुर पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व महानगर अध्यक्ष रीबू श्रीवास्तव, संगीता पटेल और जिला अध्यक्ष शशि यादव ने किया।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के नाम पर उपभोक्ताओं से मनमानी वसूली की जा रही है, जिससे आम जनता परेशान है। उन्होंने विद्युत विभाग के चीफ राकेश कुमार को ज्ञापन सौंपते हुए स्मार्ट मीटर हटाने और उपभोक्ताओं से ली गई अतिरिक्त राशि वापस करने की मांग की।

‘जनता पर डाला जा रहा अतिरिक्त आर्थिक बोझ’

रीबू श्रीवास्तव ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा स्मार्ट मीटर के लिए निर्धारित बजट से कहीं अधिक राशि का टेंडर निकालकर प्रदेश सरकार ने जनता पर हजारों करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ डाल दिया है। उन्होंने सवाल उठाया कि यह सरकार जनता के हित में काम कर रही है या बड़े उद्योगपतियों के लिए।

वहीं, संगीता पटेल ने आरोप लगाया कि बिना उपभोक्ताओं की सहमति के स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, जो कानून के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि गरीब वर्ग, जिसे मनरेगा में भी पर्याप्त रोजगार नहीं मिलता, उससे पहले रिचार्ज कराने की व्यवस्था अन्यायपूर्ण है।

अन्य राज्यों से तुलना पर उठे सवाल

प्रदर्शनकारियों ने यह भी सवाल उठाया कि जहां महाराष्ट्र और राजस्थान में स्मार्ट मीटर कम कीमत पर उपलब्ध हैं, वहीं उत्तर प्रदेश में उपभोक्ताओं से अधिक रकम वसूली जा रही है। उन्होंने इसे “जनता की लूट” करार दिया।

इस दौरान कई महिला कार्यकर्ताओं समेत सपा के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में स्मार्ट मीटर के खिलाफ कार्रवाई और उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।