वाराणसी: राज्य महिला आयोग सदस्य ने सुनी महिलाओं की समस्याएं, 2 का मौके पर निस्तारण
वाराणसी। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य गीता विश्वकर्मा ने बुधवार को सर्किट हाउस सभागार में आयोजित महिला जनसुनवाई में महिलाओं की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान उन्होंने कहा कि महिलाओं की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि उन्हें समय पर न्याय और राहत मिल सके।
जनसुनवाई में कुल 28 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से दो मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। प्राप्त शिकायतों में भूमि विवाद, महिला उत्पीड़न, नौकरी दिलाने के नाम पर धनराशि लेने, मकान पर अवैध कब्जा तथा उपचार संबंधी प्रकरण प्रमुख रूप से शामिल रहे।

गीता विश्वकर्मा ने अधिकारियों से कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए गांव, वार्ड और ब्लॉक स्तर पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता है।
बैठक में उन्होंने उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अधिकारियों को भी योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता से जुड़ सकें।
इस अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट रविशंकर सिंह, अपर पुलिस उपायुक्त महिला अपराध नम्रता श्रीवास्तव, जिला प्रोबेशन अधिकारी पंकज कुमार मिश्र सहित महिला कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पंचायत विभाग, श्रम विभाग, समाज कल्याण विभाग, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
महिला आयोग की सदस्य ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसके लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा।
