वाराणसी: बनारस रेलवे स्टेशन से STF ने 25 हजार के इनामी बदमाश मनोज यादव को दबोचा, लंबे समय से था फरार
वाराणसी। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स ने वाराणसी में बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे इनामी अपराधी मनोज यादव को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को थाना मंडुआडीह क्षेत्र स्थित बनारस रेलवे स्टेशन के प्रवेश द्वार के पास से उस समय दबोचा गया, जब वह भागने की फिराक में था।
एसटीएफ को फरार एवं पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक एसटीएफ के पर्यवेक्षण में एसटीएफ फील्ड इकाई अयोध्या की टीम उप निरीक्षक सौरभ मिश्रा के नेतृत्व में वाराणसी में अभिसूचना संकलन कर रही थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त मनोज यादव बनारस रेलवे स्टेशन के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही एसटीएफ ने तत्काल घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार मनोज यादव ने बताया कि वर्ष 2021 में उसके करीबी मित्र आदित्य पाण्डेय के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की थी। इसका बदला लेने के लिए उसने अपने साथियों के साथ मिलकर 10 से 12 युवकों का एक समूह बनाया और कई बार मारपीट की घटनाओं को अंजाम दिया। आरोपी ने क्षेत्र में अपना दबदबा बनाने के लिए लोगों को डराने-धमकाने और बलपूर्वक बर्चस्व कायम करने की भी बात स्वीकार की।
एसटीएफ के अनुसार, मनोज यादव पहले भी मारपीट के एक मामले में जेल जा चुका है। जेल से रिहा होने के बाद वह तमिलनाडु चला गया था और बीच-बीच में बलिया आता-जाता रहता था। एक अन्य मारपीट के मामले में लगातार फरार रहने के कारण उस पर इनाम घोषित किया गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार ठिकाने बदल रहा था और वाराणसी से फरार होने की योजना बना रहा था।
गिरफ्तार आरोपी को आगे की विधिक कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस उससे जुड़े अन्य मामलों और उसके साथियों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
