वाराणसी: शादी से इनकार पर छात्रा को जान से मारने की धमकी, फर्जी ID बनाकर वायरल किए अश्लील फोटो-वीडियो
वाराणसी। वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र में एक ग्रेजुएशन की छात्रा को शादी के लिए दबाव बनाने और मना करने पर उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने छात्रा की तस्वीरों और वीडियो का दुरुपयोग करते हुए सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर अश्लील सामग्री पोस्ट कर दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित छात्रा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बिहार के नवादा जिले के निवासी राजकरण पुत्र संजय चौधरी काफी समय से उसे परेशान कर रहा है। आरोपी अलग-अलग मोबाइल नंबरों से छात्रा के फोन पर अश्लील फोटो और वीडियो भेजता था। इसके अलावा उसने सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर ‘प्रीति राय’ और ‘जिया राय’ नाम से फर्जी आईडी बनाकर छात्रा की फोटो और वीडियो पोस्ट कर दिए।
छात्रा का आरोप है कि आरोपी लगातार उसके और उसके परिवार के मोबाइल नंबरों पर आपत्तिजनक संदेश, फोटो और वीडियो भेज रहा था। इतना ही नहीं, वह छात्रा पर जबरन शादी करने का दबाव बना रहा था। विरोध करने पर आरोपी ने धमकी दी कि यदि उसने शादी नहीं की तो वह उसे और उसके परिवार को जान से मार देगा। साथ ही पहले से मौजूद वीडियो को अपने साथियों की मदद से वायरल करने की चेतावनी भी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चौबेपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मामले के विवेचक और चौबेपुर थाने के दारोगा वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की जा रही है। साथ ही फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
