Movie prime

वाराणसी: सूर्य मंदिर और सूर्यकुंड का होगा कायाकल्प, 1.08 करोड़ की परियोजना का भूमिपूजन
 

 
 वाराणसी: सूर्य मंदिर और सूर्यकुंड का होगा कायाकल्प, 1.08 करोड़ की परियोजना का भूमिपूजन
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। शहर के प्राचीन धार्मिक स्थलों के संरक्षण और विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। रविवार को प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने श्री उत्तरार्क आदित्य (सूर्य) मंदिर एवं सूर्यकुंड (बकरियाकुंड) के समग्र विकास के लिए 1.08 करोड़ रुपये की परियोजना का भूमिपूजन कर कार्य का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर मंत्री रविंद्र जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में काशी के प्राचीन मंदिरों और ऐतिहासिक कुंडों का संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में लगाए गए आरओ वाटर कूलर का भी लोकार्पण किया।

मंदिर परिसर और सूर्यकुंड का होगा समग्र विकास

पर्यटन विभाग की ओर से 1 करोड़ 8 लाख रुपये की लागत से श्री उत्तरार्क आदित्य (सूर्य) मंदिर एवं सूर्यकुंड (बकरियाकुंड) का व्यापक विकास कराया जाएगा। परियोजना के तहत मंदिर परिसर और सूर्यकुंड का आकर्षक सौंदर्यीकरण किया जाएगा। साथ ही बेहतर प्रकाश व्यवस्था, पाथवे, बैठने की सुविधाएं, स्वच्छता व्यवस्था और अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

मंत्री ने कहा कि इस विकास कार्य से न केवल श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी, बल्कि स्थानीय लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा और क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी।

समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निर्माण के निर्देश

रविंद्र जायसवाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि श्रद्धालु और आमजन जल्द से जल्द इन सुविधाओं का लाभ उठा सकें।

बड़ी संख्या में मौजूद रहे श्रद्धालु और जनप्रतिनिधि

भूमिपूजन कार्यक्रम में ट्रस्ट की अध्यक्ष चंद्रलेखा मौर्या, मंडल अध्यक्ष दिलीप चौहान, पूर्व मंडल अध्यक्ष कमलेश सोनकर, पार्षद रिंकू मौर्या, सत्यनारायण सेठ, गणेश कुशवाहा, प्रमोद मौर्य, आनंद जायसवाल, श्रीप्रकाश जायसवाल, सुबास पासी, नंदू सोनकर, पुजारी रतन पाठक, उमाशंकर चौधरी, दशरथ प्रसाद, पूजा गुप्ता, तारा देवी, गोपाल, दीपक जायसवाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे।