Movie prime

काशी में आज से पांच दिन के लिए खुल गए स्वर्ण अन्नपूर्णेश्वरी मंदिर के पट, 10 नवंबर को सजेगी अन्नकूट की झांकी

वाराणसी में धनतेरस पर मां स्वर्ण अन्नपूर्णेश्वरी मंदिर के पट पांच दिनों के लिए खुलेंगे। श्रद्धालु मां के दर्शन के साथ अन्न-धन का खजाना प्राप्त करेंगे। सात से दस नवंबर तक सुबह चार बजे दर्शन शुरू होंगे। दस नवंबर को अन्नकूट की झांकी सजेगी और महाआरती के बाद मंदिर बंद होगा।

 
काशी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। धनतेरस के अवसर पर काशी में मां स्वर्ण अन्नपूर्णेश्वरी के दर्शन और अन्न-धन का खजाना पाने के लिए श्रद्धालुओं की प्रतीक्षा खत्म हो गई है। कार्तिक कृष्ण त्रयोदशी पर शुक्रवार को श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के गेट नंबर एक स्थित स्वर्ण अन्नपूर्णेश्वरी मंदिर के पट ब्रह्म मुहूर्त में पांच दिनों के लिए खोल दिए गए। इस दौरान मां महालक्ष्मी और भूमि देवी के साथ विराजमान मां अन्नपूर्णेश्वरी का विशेष पूजन-अर्चन होगा और भक्तों को खजाना वितरित किया जाएगा।

मंदिर के प्रथम तल पर स्थित मां के दरबार में वार्षिक परंपरा के अनुसार सबसे पहले देव विग्रहों का अभिषेक और पूजन किया जाएगा। इसके बाद खजाना संग आरती होगी। परंपरा के मुताबिक, सबसे पहले याचक मुद्रा में मां के सामने खड़े काशीपुराधिपति बाबा भोलेनाथ का कमंडल और झोली भरी जाएगी। इसके बाद मंदिर के पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। मां के दर्शन के साथ अन्न-धन का खजाना पाकर भक्त निहाल होंगे।

गुरुवार दोपहर से पहुंचने लगे श्रद्धालु

मां स्वर्ण अन्नपूर्णेश्वरी के दर्शन और खजाना पाने के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालुओं का काशी पहुंचना शुरू हो गया है। गुरुवार दोपहर से ही मंदिर परिसर के आसपास भक्तों की भीड़ जुटने लगी। श्रद्धालु बांसफाटक की ओर से लगाई गई बैरिकेडिंग में अपनी जगह लेते रहे। सभी को भोर में मंदिर के पट खुलने और मां के दर्शन का इंतजार था।

रात 11:30 बजे तक होगा दर्शन और खजाना वितरण

मंदिर के महंत शंकर पुरी महाराज ने बताया कि शुक्रवार को दर्शन-पूजन और खजाना वितरण की प्रक्रिया रात 11:30 बजे तक लगातार चलेगी। इसके बाद सात नवंबर से दस नवंबर तक प्रतिदिन मंदिर के पट सुबह चार बजे खुलेंगे। दोपहर 12 बजे से 12:30 बजे तक भोग आरती के लिए मंदिर के पट बंद रहेंगे। इसके बाद फिर रात 11:30 बजे तक श्रद्धालु मां के दर्शन कर सकेंगे।

10 नवंबर को सजेगी अन्नकूट की झांकी

मां स्वर्ण अन्नपूर्णेश्वरी मंदिर में दस नवंबर को अन्नकूट की विशेष झांकी सजाई जाएगी। इस अवसर पर भक्तों को प्रसाद भी ग्रहण कराया जाएगा। रात में महाआरती के बाद मां स्वर्ण अन्नपूर्णेश्वरी के गर्भगृह के पट फिर से एक वर्ष के लिए बंद कर दिए जाएंगे।

इस अनूठे वार्षिक अनुष्ठान की परंपरा के तहत गुरुवार को महंत शंकर पुरी महाराज श्रीकाशी विश्वनाथ धाम पहुंचे। उन्होंने बाबा विश्वनाथ से अन्नकूट आयोजन की अनुमति मांगी और उन्हें इस उत्सव में शामिल होने के लिए आमंत्रित भी किया।