Movie prime

वाराणसी: श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में मंगला आरती के लिए तत्काल टिकट सेवा शुरू, अब उसी दिन होगी बुकिंग
 

 
 वाराणसी: श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में मंगला आरती के लिए तत्काल टिकट सेवा शुरू, अब उसी दिन होगी बुकिंग
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। वाराणसी स्थित श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंगला आरती के लिए तत्काल टिकट बुकिंग सेवा शुरू कर दी गई है। अब भक्त अगले दिन की मंगला आरती में शामिल होने के लिए उसी दिन सुबह 11 बजे से ऑनलाइन तत्काल टिकट बुक कर सकेंगे। मंदिर प्रशासन ने इस नई व्यवस्था की पूरी प्रक्रिया अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपडेट कर दी है।

तत्काल कोटे के तहत रोजाना 100 टिकट उपलब्ध होंगे। वेबसाइट पर अब रेलवे की तर्ज पर ‘जनरल’ और ‘तत्काल’ दोनों बुकिंग विकल्प दिखाई देंगे, जिससे श्रद्धालुओं को टिकट लेने में अधिक सहूलियत मिलेगी। खास बात यह है कि दोनों श्रेणियों के टिकट का शुल्क समान रखा गया है, यानी प्रति व्यक्ति 500 रुपये।

मंदिर प्रशासन के अनुसार, जनरल मंगला आरती के टिकट श्रद्धालु 30 दिन पहले तक बुक कर सकते हैं, जबकि तत्काल टिकट केवल अगले दिन की आरती के लिए ही उपलब्ध होंगे। इससे उन श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी, जो अचानक यात्रा की योजना बनाते हैं या पहले से टिकट बुक नहीं कर पाते।

हालांकि, जनरल और तत्काल टिकट धारकों के लिए प्रवेश और बैठने की व्यवस्था अलग-अलग तय की गई है। जनरल टिकट वाले श्रद्धालुओं को गेट नंबर 1 (ढुंढिराज गणेश द्वार) से प्रवेश दिया जाएगा और उनकी बैठने की व्यवस्था दक्षिण दिशा की एलईडी स्क्रीन के पास होगी। वहीं, तत्काल टिकट धारकों का प्रवेश गेट नंबर 4बी से होगा और उन्हें उत्तर दिशा की एलईडी के पास बैठाया जाएगा।