वाराणसी शिक्षक MLC चुनाव में सपा का दबदबा, लाल बिहारी यादव दूसरी बार जीते, BJP के प्रमोद मिश्रा को 5015 वोटों से हराया
वाराणसी खंड शिक्षक एमएलसी सीट पर सपा के लाल बिहारी यादव ने दूसरी बार जीत दर्ज की। उन्होंने भाजपा के डॉ. प्रमोद मिश्रा को 5,015 मतों से हराया। जीत के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। वहीं, स्नातक एमएलसी सीट पर आशुतोष सिन्हा और केदार सिंह के बीच मतगणना जारी रही।
वाराणसी: विधान परिषद की वाराणसी खंड शिक्षक सीट पर समाजवादी पार्टी के लाल बिहारी यादव ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी डॉ. प्रमोद मिश्रा को 5,015 मतों के अंतर से हराया। लाल बिहारी यादव को कुल 11,612 वोट मिले, जबकि डॉ. प्रमोद मिश्रा के खाते में 6,597 मत आए। जीत के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया, नारे लगाए, ढोल-नगाड़ों पर नाचे और मिठाइयां बांटकर एक-दूसरे को बधाई दी।
प्रथम वरीयता में बहुमत नहीं मिलने पर हुई दूसरी वरीयता के वोटों की गिनती
शिक्षक एमएलसी सीट पर प्रथम वरीयता के मतों की गिनती में लाल बिहारी यादव को 10,958 वोट मिले थे। वहीं, भाजपा के डॉ. प्रमोद मिश्रा को 6,060 मत प्राप्त हुए। सपा प्रत्याशी को जीत के लिए प्रथम वरीयता में 514 वोट और चाहिए थे।
कुल वैध मतों के 50 प्रतिशत यानी 11,472 वोट नहीं मिलने के कारण दूसरी वरीयता के मतों की गिनती कराई गई। इसके बाद आठ चक्रों में मतों की गणना हुई। कम वोट पाने वाले प्रत्याशियों के दूसरी वरीयता के मतों में से सपा को 654 और भाजपा को 537 वोट मिले। इसके बाद लाल बिहारी यादव की जीत का अंतर 5,015 मतों तक पहुंच गया।
भाजपा में शामिल होने के बाद भी प्रमोद मिश्रा को नहीं मिला फायदा
डॉ. प्रमोद मिश्रा वर्ष 2020 में शिक्षक नेता के रूप में चुनाव मैदान में उतरे थे। उस चुनाव में उन्हें 6,830 वोट मिले थे। इस बार चुनाव से ठीक पहले उन्होंने भाजपा का दामन थामा था। उम्मीद जताई जा रही थी कि भाजपा प्रत्याशी के रूप में उन्हें अधिक वोट मिलेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
इस बार प्रथम वरीयता की गिनती में डॉ. प्रमोद मिश्रा को केवल 6,060 वोट मिले। यानी पिछले चुनाव में मिले मतों की तुलना में इस बार उनके वोट कम रहे। दूसरी ओर, सपा ने इस चुनाव को लेकर पहले से तैयारी की थी और लाल बिहारी यादव ने जीत हासिल कर अपनी स्थिति मजबूत की।
जीत के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न
लाल बिहारी यादव की जीत की घोषणा के बाद सपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की और ढोल-नगाड़ों पर नाचकर खुशी जताई। कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटीं और एक-दूसरे को जीत की बधाई दी। देर रात तक बधाई देने का सिलसिला जारी रहा।
स्नातक एमएलसी सीट पर आशुतोष सिन्हा और केदार सिंह के बीच मुकाबला
वाराणसी खंड स्नातक एमएलसी सीट के लिए मतगणना जारी है। इस सीट पर समाजवादी पार्टी के आशुतोष सिन्हा और भाजपा के केदार सिंह के बीच सीधा मुकाबला है। मतपत्रों की बंडलिंग के बाद प्रथम वरीयता के वोटों की गिनती शुरू हुई।
सपा ने स्नातक सीट पर भी जीत का दावा किया है, जबकि शिक्षक सीट पर हार के बाद भाजपा पदाधिकारियों में मायूसी दिखाई दी। मतगणना के दौरान परिणाम बुधवार दोपहर तक आने की उम्मीद जताई गई थी।
