वाराणसी : घाट पर माला-फूल बेचने को लेकर भिड़ंत, ईंट से हमला कर किशोर की हत्या
वाराणसी के आदमपुर थाना क्षेत्र के तेलियानाला में मामूली विवाद के दौरान 17 वर्षीय युवक नीरज केवट की ईंट से मारकर हत्या कर दी गई। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। पुलिस जांच में जुटी है।
वाराणसी: आदमपुर थाना क्षेत्र के सक्का घाट स्थित तेलियाना मोहल्ला में रविवार को माला-फूल बेचने को लेकर पुराना विवाद खूनी झड़प में बदल गया। इस दौरान 17 वर्षीय नीरज केवट की हत्या कर दी गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, नीरज केवट नाव चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। मोहल्ले में रहने वाले दूसरे परिवार से उसका लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों पक्षों की महिलाएं गंगा घाट पर दीया, पूजा सामग्री और फूल-माला बेचती हैं, जिसको लेकर अक्सर कहासुनी होती रहती थी।

रविवार रात विवाद ने उग्र रूप ले लिया। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने नीरज की बहन के साथ मारपीट की। जब नीरज बीच-बचाव करने पहुंचा, तो उस पर नुकीली वस्तु से सिर के पीछे हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल नीरज को परिजन तत्काल मंडलीय अस्पताल कबीर चौरा लेकर पहुंचे, जहां हालत बिगड़ने पर उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। हालांकि, इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना से गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया और तोड़फोड़ की। उन्होंने हत्यारोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव देने से इनकार कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद परिजनों को समझाकर शव अपने कब्जे में लिया।
मृतक के भाई ने आठ नामजद और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने मामले में दो महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, दूसरे पक्ष का एक युवक भी इस झड़प में गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है।
