Movie prime

वाराणसी : सीमांकन के नाम पर 10 हजार की मांग! SDM ने कानूनगो को लगाई फटकार

वाराणसी की तहसीलों में समाधान दिवस के दौरान रिश्वत, फर्जी बैनामा और अवैध कब्जे के मामले सामने आए। राजातालाब में सीमांकन के नाम पर 10 हजार रुपये मांगने पर SDM ने जांच के आदेश दिए। सदर और पिंडरा में भी भूमि विवाद और कब्जे की शिकायतों पर कार्रवाई शुरू की गई।

 
वाराणसी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: तहसील दिवस के दौरान सोमवार को राजातालाब, सदर और पिंडरा तहसीलों में जनता की समस्याओं को लेकर बड़ी संख्या में शिकायतें सामने आईं। इस दौरान राजातालाब तहसील में सीमांकन के नाम पर रिश्वत मांगने का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया।

रिश्वत मांगने का आरोप, SDM ने लगाई फटकार

राजातालाब तहसील में आयोजित समाधान दिवस के दौरान चकलोला निवासी त्रिभुवन सिंह ने कानूनगो पर सीमांकन कराने के नाम पर 10 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया। इस पर उपजिलाधिकारी शांतुन कुमार सिनसिनवार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही कानूनगो को फटकार लगाई और जांच के निर्देश दिए।

फर्जी बैनामा और जालसाजी की शिकायतें

मेहंदीगंज की लीलावती प्रजापति ने फर्जी बैनामा और धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। राजातालाब तहसील में कुल 157 शिकायतें आईं, जिनमें से 7 का मौके पर निस्तारण किया गया।

सदर तहसील में अवैध कब्जे का मुद्दा गरमाया

सदर तहसील में चौबेपुर क्षेत्र के ग्रामसभा रैमला के ग्रामीण तीसरी बार शिकायत लेकर पहुंचे। उन्होंने सरकारी नाले और चक मार्ग पर अवैध कब्जे का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना है कि दीवार खड़ी होने से जल निकासी बाधित हो गई है। एसडीएम नितिन सिंह ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर कब्जा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पिंडरा तहसील में भी विवाद

पिंडरा में राजपुर निवासी ऊदल पटेल ने आरोप लगाया कि बैनामा निरस्त होने के बावजूद विपक्षी खेती नहीं करने दे रहे हैं। वहीं राहुल सोनी ने 52 बीघा तालाब पर कब्जे की शिकायत की। एसडीएम प्रतिभा मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए।