वाराणसी: नर्सिंग छात्रा की पोस्मार्टम रिपोर्ट आई सामने, मौत को लेकर ADCP लिपि नागयाच ने किया चौंकाने वाला खुलसा
वाराणसी। सारनाथ स्थित एक नर्सिंग कॉलेज की 19 वर्षीय छात्रा की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरे घटनाक्रम को नया मोड़ दे दिया है। पुलिस के अनुसार छात्रा की मौत गर्भपात की दवा खाने से नहीं, बल्कि उसके साथ की गई बर्बर यौन हिंसा और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण हुई थी।
शुक्रवार को एडीसीपी लिपि नागायच ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में छात्रा के प्राइवेट पार्ट में गंभीर चोटें मिलने की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट के अनुसार आरोपी ने छात्रा के साथ क्रूरतापूर्ण तरीके से दुष्कर्म किया था, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और छात्रा की मौत हो गई। मौत का कारण हेमोरेजिक शॉक (अत्यधिक रक्तस्राव) बताया गया है।
पुलिस ने बताया कि छात्रा के पिता पुलिस विभाग में सिपाही हैं। उनकी तहरीर पर पहले हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और साक्ष्य मिटाने समेत अन्य गंभीर धाराएं भी बढ़ा दी गई हैं।
मामले में गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद समीर, जो जौनपुर जिले का निवासी और उसी नर्सिंग कॉलेज का तृतीय वर्ष का छात्र है, ने पूछताछ में बताया था कि दोनों के बीच पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध थे। उसने दावा किया कि छात्रा तीन माह की गर्भवती थी और गर्भपात कराने के लिए दोनों ने कई डॉक्टरों से संपर्क किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
आरोपी के अनुसार, यूट्यूब वीडियो देखकर गर्भपात संबंधी जानकारी जुटाई गई और एक दवा खरीदी गई। उसने स्वीकार किया कि छात्रा की इच्छा के विरुद्ध उसे दवा खिलाई गई। इसके कुछ समय बाद छात्रा की तबीयत बिगड़ने लगी और अत्यधिक रक्तस्राव शुरू हो गया।
घटना बुधवार सुबह की है। छात्रा सुबह करीब 9:20 बजे बॉयज हॉस्टल पहुंची थी। लगभग दो घंटे बाद हॉस्टल की सीढ़ियों पर वह खून से लथपथ बेहोश अवस्था में मिली। एक इलेक्ट्रीशियन ने उसे देखा और शोर मचाया। इसके बाद छात्रा को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि छात्रा की हालत बिगड़ने पर वह घबरा गया और उसकी मदद करने के बजाय कमरे में ताला लगाकर बस से अपने घर जौनपुर भाग गया। पुलिस ने लोकेशन ट्रेस कर उसे उसी दिन देर शाम गिरफ्तार कर लिया।
जांच में यह भी सामने आया है कि करीब सात महीने पहले भी छात्रा का गर्भपात कराया गया था। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन से फोटो, वीडियो और चैटिंग बरामद करने का दावा किया है। मामले की जांच जारी है।
वहीं हॉस्टल के गार्ड ने बताया कि छात्रा घटना से पहले लगातार दो दिनों से हॉस्टल आ रही थी। मंगलवार को भी वह परिसर में काफी देर तक घूमती रही थी। बुधवार सुबह वह अकेले हॉस्टल के कमरे में गई थी, जिसके बाद यह दर्दनाक घटना सामने आई।
