वाराणसी: सेंट्रल हिंदू बॉयज स्कूल में 2 दिवसीय यूथ पार्लियामेंट ‘प्रतिध्वनि 2026’ का समापन, 40 प्रतिभागी सम्मानित
वाराणसी। कमच्छा स्थित सेंट्रल हिंदू बॉयज स्कूल में आयोजित दो दिवसीय इंटर स्कूल यूथ पार्लियामेंट ‘प्रतिध्वनि 2026’ का समापन बृहस्पतिवार को हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने संसदीय कार्यप्रणाली, लोकतांत्रिक मूल्यों, राजनीतिक विमर्श और पत्रकारिता से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को कुल 40 पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) स्कूल बोर्ड की उपाध्यक्ष प्रो. नंदिता घोषाल उपस्थित रहीं। वहीं, विद्यालय के पूर्व छात्र विनय भूषण मिश्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं में नेतृत्व क्षमता, तार्किक सोच, निर्णय लेने की क्षमता और प्रभावी संवाद कौशल विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
चार समितियों में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
यूथ पार्लियामेंट के अंतर्गत चार प्रमुख समितियों का गठन किया गया था। इनमें लोकसभा, ऑल इंडिया पॉलिटिकल पार्टीज मीट (एआईपीपीएम), उत्तर प्रदेश विधानसभा (यूपीएलए) और इंडियन प्रेस शामिल थीं। इन समितियों के माध्यम से विद्यार्थियों को संसदीय बहस, राजनीतिक मुद्दों पर विचार-विमर्श और पत्रकारिता की कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिला।
प्रतिभागियों ने विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखते हुए तर्क-वितर्क, संवाद और नेतृत्व कौशल का प्रदर्शन किया।
प्रत्येक समिति में दिए गए 10 पुरस्कार
कार्यक्रम के समापन पर चारों समितियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। प्रत्येक समिति में 10-10 पुरस्कार प्रदान किए गए। इनमें बेस्ट डेलीगेट, हाई कमेंडेशन, स्पेशल मेंशन और बेस्ट स्पीकर सहित विभिन्न श्रेणियों के पुरस्कार शामिल रहे।
कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय की प्राचार्या डॉ. स्वाति अग्रवाल के मार्गदर्शन में किया गया। डॉ. सीमा सिंह ने समन्वयक की जिम्मेदारी निभाई। आयोजन को सफल बनाने में अनुपमा, डॉ. अर्चना, डॉ. सत्यनारायण और डॉ. प्रशांत ने सहयोग किया।
