Movie prime

वाराणसी: नगर निगम का बड़ा फैसला, अब जोनवार चलेगा अतिक्रमण अभियान, गठित होंगी 5 टीमें

 
 वाराणसी: नगर निगम का बड़ा फैसला, अब जोनवार चलेगा अतिक्रमण अभियान, गठित होंगी 5 टीमें
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। नगर निगम वाराणसी ने शहर में बढ़ते अतिक्रमण पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए नई रणनीति अपनाई है। अब अतिक्रमण हटाओ अभियान मुख्यालय से नहीं, बल्कि जोन स्तर पर जोनल अधिकारियों के नेतृत्व में चलाया जाएगा। इसके लिए कुल 5 विशेष अतिक्रमण गैंग का गठन किया जा रहा है।

नगर निगम द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्रत्येक गैंग में 5-5 कार्मिक होंगे। चारों जोनों के लिए 4 अलग-अलग टीमें बनाई जाएंगी, जबकि पांचवीं टीम नगर निगम मुख्यालय में तैनात रहेगी। अभी तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई मुख्यालय से ही संचालित की जा रही थी, लेकिन नगर निगम सीमा विस्तार के बाद अतिक्रमण की शिकायतों में भारी वृद्धि हुई है। इसी को देखते हुए 26 नवंबर को आयोजित कार्यकारिणी समिति की बैठक में यह प्रस्ताव रखा गया था, जिसे समिति ने सर्वसम्मति से स्वीकृत कर दिया।

ये विशेष टीमें न केवल अतिक्रमण हटाने का काम करेंगी, बल्कि जमीन की पैमाइश, स्वच्छता अभियान, वीआईपी आगमन के दौरान व्यवस्था, धार्मिक आयोजनों व श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात प्रबंधन, प्रतिबंधित प्लास्टिक पर कार्रवाई तथा IGRS शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण भी सुनिश्चित करेंगी।