Movie prime

वाराणसी : बंद घर का ताला तोड़कर घुसे चोर, अचानक पहुंचा मकान मालिक, हमला कर भागे

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। शहर के मंडुवाडीह थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी की एक दुस्साहसिक घटना सामने आई है। औद्योगिक क्षेत्र चांदपुर-महेशपुर स्थित रघुवंश नगर कॉलोनी में बंद मकान का दरवाजा तोड़कर चोर अंदर घुस गए और घर का सामान समेटने लगे।

सामान समेटकर भाग रहे थे चोर, तभी पहुंच गया मालिक

जानकारी के मुताबिक, चोर घर के कमरों में रखे सामान को खंगालकर प्लास्टिक के बोरों में भर चुके थे। तभी मकान मालिक राजेश कुमार सिंह मौके पर पहुंच गए।

चोरों को देखते ही उन्होंने उन्हें ललकारा, लेकिन बदमाशों ने हमला कर दिया और उन्हें धक्का देकर गिरा दिया। इसके बाद दोनों चोर मौके से फरार हो गए।

खाली मकान होने की थी जानकारी

यह मकान तीन भाइयों- अशोक सिंह, राजकुमार सिंह और राजेश कुमार सिंह का संयुक्त मकान है। अशोक सिंह की पत्नी रेनू सिंह इन दिनों इलाज के लिए बेटे के साथ बैंगलोर गई हुई हैं, जबकि अन्य दोनों भाई अपने-अपने नए घरों में रह रहे हैं। ऐसे में मकान दिन में खाली रहता था, जिसका फायदा चोरों ने उठाया।

5 कमरों के ताले टूटे, सामान बिखरा मिला

घटना के बाद जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि घर के करीब 5 कमरों की अलमारियों और आधा दर्जन बक्सों के ताले टूटे हुए थे। पूरा घर अस्त-व्यस्त था और सामान बिखरा पड़ा था, जिससे साफ है कि चोरों ने काफी देर तक घर में आराम से चोरी की।

पुलिस जांच में जुटी, CCTV खंगाले जा रहे

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

इलाके में दहशत का माहौल

दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद कॉलोनी के लोगों में डर का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।