Varanasi : मिर्जामुराद में चोरों के हौसले बुलंद, दिनदहाड़े साइकिल चोरी की वारदात CCTV में कैद
वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ताजा मामला श्याम तारा महिला महाविद्यालय के पास स्थित डीके डिजिटल लाइब्रेरी के सामने का है, जहां दिनदहाड़े एक साइकिल चोरी कर ली गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में एक युवक साइकिल चोरी करते हुए स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी इलाके में पहले भी कई चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुका है। इसके बावजूद अब तक उस पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। वहीं, वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने और चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो ऐसी घटनाएं और बढ़ सकती हैं।
फिलहाल वायरल वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है और क्षेत्रवासी पुलिस कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।
