वाराणसी: अवैध शराब तस्करी पर सिगरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 37 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ तीन गिरफ्तार
वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी की सिगरा पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 37 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न ब्रांड की कुल 33 पाउच और 153 पाउच व बोतलें बरामद की हैं।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त काशी जोन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन तथा सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज के नेतृत्व में थाना सिगरा पुलिस ने यह कार्रवाई की।
गिरफ्तार अभियुक्तों में बिहार के भोजपुर जनपद निवासी लड्डु कुमार (22 वर्ष), नालंदा निवासी कौशल कुमार (30 वर्ष) तथा चन्देश्वर पासवान (25 वर्ष) शामिल हैं। तीनों को रोडवेज बस स्टैंड के पास थाना सिगरा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, लड्डु कुमार के कब्जे से 33 पाउच अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जबकि कौशल कुमार और चन्देश्वर पासवान के पास से विभिन्न ब्रांड की करीब 30.99 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई। इस संबंध में थाना सिगरा में आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
बरामद शराब की कुल मात्रा लगभग 37 लीटर बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक प्रशांत कुमार बंधु सहित थाना सिगरा की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
