वाराणसी: हाईटेक बनेगा राजातालाब थाना, 9 करोड़ की लागत से तीन मंजिला भवन; आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी पुलिसिंग
वाराणसी: प्रदेश सरकार पुलिसिंग को आधुनिक और जनानुकूल बनाने की दिशा में लगातार कदम बढ़ा रही है। इसी क्रम में वाराणसी के राजातालाब थाना को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस करने की योजना पर काम शुरू हो गया है।
इस परियोजना के तहत जगरदेवपुर-काशीपुर में 25 बिस्वा भूमि का चयन किया गया है, जहां नया थाना भवन बनाया जाएगा। प्रस्तावित भवन 792.46 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में तीन मंजिला होगा, जिसमें स्मार्ट पुलिसिंग को बढ़ावा देने के लिए कई आधुनिक सुविधाएं शामिल की जाएंगी।
नए थाना भवन में सीसीटीवी, साइबर सेल, मिशन शक्ति केंद्र, आधुनिक बैरक, अग्निरोधी यंत्र, स्ट्रीट लाइट, सीसी रोड, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और ड्रेनेज सिस्टम जैसी व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी। इस परियोजना पर कुल 9 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जिसमें से 4.5 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी हो चुकी है।
रोहनिया के विधायक डॉ. सुनील पटेल ने बताया कि पहले जगरदेवपुर में ही थाना प्रस्तावित था, लेकिन कुछ तकनीकी कारणों से निर्माण नहीं हो सका। अब पर्याप्त भूमि मिलने के बाद निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। उन्होंने कहा कि इस माह के अंत या मई की शुरुआत में भूमिपूजन किया जाएगा और निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा थाना
नए थाना परिसर में सुरक्षा के लिए 8 फीट ऊंची चारदीवारी और दो मुख्य गेट बनाए जाएंगे, जिन पर सुरक्षा गार्ड तैनात रहेंगे। फरियादियों, एसएचओ, सब-इंस्पेक्टर और हेड कांस्टेबल के लिए अलग-अलग कक्ष होंगे।
इसके अलावा जवानों के लिए बैरक, स्टाफ रूम, शिकायत कक्ष, महिला रेस्ट रूम, महिला व पुरुष हवालात, मालखाना, कंप्यूटर सर्वर रूम, मीटिंग हॉल, किचन, डाइनिंग हॉल, स्टोर रूम, इंटेरोगेशन रूम और पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध होगी। थाना परिसर के पास तालाब और बगीचे का भी विकास किया जाएगा, जिससे पुलिसकर्मियों को बेहतर और स्वच्छ कार्य वातावरण मिल सके।
चितईपुर थाना प्रस्ताव अटका
वहीं, चितईपुर में नए थाना निर्माण का प्रस्ताव अभी अटका हुआ है। तालाब की जमीन होने के कारण वहां निर्माण के लिए चार मीटर मिट्टी भराई और रिटेनिंग वॉल बनाने की आवश्यकता है, जिससे करीब एक करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च बढ़ गया है।
लोक निर्माण विभाग ने संशोधित रिपोर्ट शासन को भेज दी है। विधायक डॉ. सुनील पटेल ने उम्मीद जताई है कि अगले महीने तक इस प्रस्ताव को भी मंजूरी मिल जाएगी।
