वाराणसी बनेगा बॉक्सिंग का नया हब, अप्रैल से शुरू होगा नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंसी
वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी को जल्द ही बॉक्सिंग के बड़े केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए तैयारियां तेज़ी से चल रही हैं। भारतीय बॉक्सिंग संघ के महासचिव प्रमोद कुमार ने रविवार को जानकारी दी कि अप्रैल महीने से डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सिगरा में भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) का नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंसी शुरू हो जाएगा।
इस केंद्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर के कोच खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देंगे, जिससे युवा बॉक्सरों को उच्च स्तरीय सुविधाएं मिल सकेंगी। इसके साथ ही काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण के सेंटर को भी अपग्रेड किया जाएगा।
संघ का उद्देश्य है कि वाराणसी में देशभर के प्रतिभाशाली युवा बॉक्सरों को तैयार किया जाए। यहां अत्याधुनिक बॉक्सिंग रिंग भी तैयार किए जा रहे हैं, ताकि खिलाड़ी शुरुआत से ही अंतरराष्ट्रीय माहौल में अभ्यास कर सकें और प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। शहर में राष्ट्रीय स्तर की बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं के आयोजन की भी योजना है।
जिला बॉक्सिंग संघ की अध्यक्ष डॉ. नीलू मिश्रा ने बताया कि जल्द ही प्रतिभा खोज अभियान शुरू किया जाएगा। इसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस योजना के लिए विकास इंटर कॉलेज, परमानंदपुर को सैटेलाइट सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा।
इसके अलावा, वाराणसी की विभिन्न बॉक्सिंग अकादमियों को भी इस पहल से जोड़ा जाएगा और चयन प्रक्रिया में उनकी मदद ली जाएगी। सभी खिलाड़ियों का एक डेटाबेस तैयार किया जाएगा, ताकि उन्हें समय पर जरूरी जानकारी और अवसर मिल सकें। साथ ही एक थिंक टैंक भी बनाया जाएगा, जिसमें जिले के वरिष्ठ बॉक्सरों को शामिल किया जाएगा।
