Movie prime

वाराणसी को मिलेगी पहली गेटेड सिटी, ‘आनंद काशी टाउनशिप’ में 1,004 आवासीय प्लॉट
 

 
 वाराणसी को मिलेगी पहली गेटेड सिटी, ‘आनंद काशी टाउनशिप’ में 1,004 आवासीय प्लॉट
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) की ओर से कल्लीपुर क्षेत्र में विकसित की जा रही ‘आनंद काशी टाउनशिप आवासीय योजना (फेज-1)’ का विकास कार्य तेजी से प्रगति पर है। करीब 4,56,398.69 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में विकसित हो रही यह योजना लगभग 30 साल बाद प्राधिकरण की पहली समेकित गेटेड सिटी के रूप में आकार ले रही है। योजना में आधुनिक सुविधाओं के साथ पर्यावरण-अनुकूल और सुव्यवस्थित नगरीय विकास को बढ़ावा दिया जाएगा।

वीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा के अनुसार, योजना के पहले चरण में कुल 1,004 आवासीय प्लॉट विकसित किए जा रहे हैं। इनमें 72, 162, 200 और 288 वर्ग मीटर के प्लॉट शामिल हैं। इसके अलावा तीन ग्रुप हाउसिंग भूखंड, 108 व्यावसायिक भूखंड, एक शैक्षणिक, एक हेल्थकेयर, एक कम्युनिटी सेंटर और दो यूटिलिटी भूखंड भी प्रस्तावित हैं।

आधुनिक सड़कों और सुविधाओं से लैस होगी टाउनशिप

आनंद काशी टाउनशिप में बेहतर कनेक्टिविटी के लिए 24, 18, 12 और 9 मीटर चौड़ी सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। योजना में जलापूर्ति, सीवरेज, विद्युत व्यवस्था और वर्षा जल निकासी जैसी आधुनिक आधारभूत सुविधाओं का विकास विभिन्न चरणों में जारी है।

योजना में काशी की सांस्कृतिक और वैदिक विरासत को आधुनिक शहरी सुविधाओं के साथ जोड़ने की कोशिश की गई है। टाउनशिप में न्यूनतम 15 प्रतिशत क्षेत्र हरित क्षेत्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।

दो हेक्टेयर के केंद्रीय पार्क में होगी भव्य नटराज प्रतिमा

टाउनशिप में करीब दो हेक्टेयर क्षेत्रफल में केंद्रीय पार्क विकसित किया जा रहा है। इसके केंद्र में भव्य नटराज प्रतिमा और फव्वारों से सुसज्जित केंद्रीय प्लाजा बनाया जाएगा।

पार्क में ओपन लॉन, एंफीथियेटर, बच्चों के लिए प्ले एरिया, मेडिटेशन गार्डन, वरिष्ठ नागरिक जोन, फ्लावर गार्डन, जॉगिंग ट्रैक और पैदल पथ जैसी सुविधाएं होंगी। पार्क के चारों ओर पैदल-अनुकूल मार्केट प्लाजा और व्यावसायिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। टाउनशिप को जोड़ने के लिए चार प्रमुख पैदल प्रवेश द्वार भी प्रस्तावित हैं।

3.71 एकड़ में विकसित होगा मियावाकी वन

पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए टाउनशिप की बाउंड्री के पास करीब 3.71 एकड़ क्षेत्रफल में मियावाकी पद्धति से सघन वन विकसित किया जाएगा। यह पहल योजना के हरित विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा होगी और टाउनशिप में पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में मदद करेगी।

महीने के अंत तक शुरू हो सकता है RERA पंजीकरण

आनंद काशी टाउनशिप योजना का RERA पंजीकरण अंतिम चरण में है। प्राधिकरण ने इसी महीने के अंत तक पंजीकरण प्रक्रिया शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके बाद आवासीय प्लॉटों से संबंधित आगे की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।

प्राधिकरण का दावा है कि आनंद काशी टाउनशिप काशी की सांस्कृतिक पहचान और आधुनिक नगरीय सुविधाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए एक सुव्यवस्थित, हरित और आधुनिक आवासीय वातावरण उपलब्ध कराएगी।